जय गणेश, जय गणेश. जय गणेश देवा की धूम
जौनपुर: जिले में गणपति पूजा जोर-शोर से शुरू हो गई है। विभिन्न पंडालों में पूजन के तीसरे दिन रविवार को महिलाओं और पुरुषों की भारी भीड़ आरती, दर्शन तथा पूजन को उमड़ पड़ी। देर रात तक पूजा पंडालों में बज रहे ध्वनि विस्तारक यंत्रों से भक्ति गीतों का प्रसारण हो रहा है। इससे पूरा जनपद ही गणपति मय होता दिख रहा है।
सुबह और शाम को जब आरती शुरू होती है और 'जय गणेश जय गणेश जय गणेश देवा..' की धुन लोगों के कानों में पहुंचती है तो लोग पंडाल में खिंचे चले आते हैं। महिलाएं भी शाम को विभिन्न पंडालों में मंगल गीत गाती हैं। रोड लाइट से जहां पूरा शहर प्रकाशमान हो रहा है वहीं पंडाल की सजावट भी आकर्षक है।
शहर में गणेश प्रतिमाएं कई स्थानों पर स्थापित की गई हैं। ताड़तला, बाबा बारीनाथ मठ, रुहट्टा तथा परमानतपुर में मंशा देवी मंदिर के पास स्थापित गणपति प्रतिमाएं अलौकिक छटा बिखेर रही है।
मुंगराबादशाहपुर के नई बाजार में श्री सिद्धि विनायक गणपति पूजा समिति द्वारा भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। सुबह-शाम भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
बरईपार के पुरानी बाजार में गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। सुबह-शाम गणेश आरती, पूजा-पाठ के बाद गणपति बप्पा मोरिया मंगल मूर्ति मोरया उद्घोष के साथ पूरे बाजार का वातावरण भक्तिमय हो गया है। प्रतिदिन भजन-कीर्तन, गणेश वंदना आदि का कार्यक्रम चल रहा है। पूजा पंडालों में मंगलमूर्ति के महात्म्य पर विद्वानों द्वारा जगह-जगह व्याख्यान दिया जा रहा है।