एसपी ने प्रधानों को पढ़ाया जिम्मेदारी का पाठ
केराकत/बरसठी (जौनपुर) : एसपी पवन कुमार ने रविवार को प्रधानों की मीटिंग थानों में आयोजित कराई। उन्होंने वायरलेस से संदेश देते हुए जिम्मेदारियों का पाठ पढ़ाया।
उन्होंने कहा कि प्रधान लोकतंत्र की मजबूत कड़ी होते है। समाज उन्हे सम्मान व इज्जत की नजर से देखता है। इसलिए उन्हे चाहिए कि गांव के छोटे-मोटे विवादों को सुलह समझौते के आधार पर खत्म करा दें।
संगीन मामलों की जानकारी चौकीदार के जरिए पुलिस तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस और ग्राम प्रधान मिलकर काम करें तो पुलिस की गलतियों को सुधारा जा सकता है। प्रधानों ने एसपी के इस पहल की सराहना की। प्रधानों ने कहा कि अगर इस पर पहल किया जाए तो वातावरण वास्तव में अच्छा बन सकता है।
बरसठी में भी वायरलेस के जरिए कप्तान प्रधानों से जुड़े। सुजानगंज के असरोपुर में हुई प्रधान की हत्या के बाद प्रधानों की सुरक्षा, प्रधानों द्वारा समाज में बेहतर संदेश देने के उद्देश्य से एसपी ने कहा कि सभी लोग अपने गांव की समस्याओं से पुलिस को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूत कड़ी ग्राम प्रधान ही होता है। गांव का समुचित विकास तभी होगा, जब ऐसी घटनाएं नहीं होगी। इस मौके पर भारी संख्या में जुटे प्रधानों ने अपनी भी राय दी।