नोटा की बटन दबाएं कर्मचारी
जौनपुर : शिक्षक, कर्मचारी समन्वय समिति की बैठक मंगलवार को रोडवेज परिसर में हुई। इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मांगों का समर्थन करने वाले प्रत्याशियों को वोट दिया जाएगा। किसी जनप्रतिनिधि ने पहल नहीं की तो कर्मचारी नोटा बटन दबाने को मजबूर होंगे।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कर्मचारियों के पेंशन के संबंध में निर्गत नई नीति का विरोध प्रांतीय नेतृत्व द्वारा किया जा रहा है। कर्मचारियों की मांग है कि नई पेंशन नीति को समाप्त कर पुरानी पेंशन नीति बहाल किया जाए। राष्ट्रीय वेतन नीति का निर्धारण करने व आउट सोर्सिग समाप्त करने के संबंध में सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल ने संपर्क किया और अवगत कराया कि कर्मचारियों के वेतन विसंगतियों एवं पेंशन नीति की समस्या कोर कमेटी के समक्ष प्रस्तुत करें अन्यथा की स्थिति में कर्मचारी आगामी चुनाव में नोटा का प्रयोग करने को विवश होंगे।
प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि जो दल हमारी मांगों का समर्थन करेगा शिक्षक, कर्मचारी उसके साथ रहेंगे अन्यथा की स्थिति में प्रत्याशियों का बहिष्कार कर दिया जाएगा। बैठक में शैलेंद्र विक्रम सिंह, वकार अहमद, अखिलेश सिंह, ओम प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन अशोक कुमार मौर्य ने किया।
इसी क्रम में पंचायत राज सेवा परिषद की पंचायत उद्योग परिसर में हुई बैठक में कर्मचारियों को मतदान हेतु जागरूक किया गया। इस मौके पर कर्मचारियों के मांगों का समर्थन न करने वालों का बहिष्कार किया जाएगा।