सेवा से बढ़कर दूसरा कोई पुण्य कार्य नहीं
उरई, हमारे प्रतिनिधि : भारत विकास परिषद का संस्कृति सप्ताह बुधवार को प्रारंभ हुआ। इस मौके पर आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि सेवा से बढ़कर दूसरा कोई पुण्य कार्य नहीं है।
गोष्ठी का उद्घाटन सीएमएस डा. खेमचंद्र ने भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। संस्था सचिव अजय इटौरिया ने कहा कि संस्था लोगों में समर्पण, संस्कार, सेवा की भावना को जगाती है। गरीबों और असहायों की मदद करना संस्था का उद्देश्य है। संरक्षक जीवनराम गुप्ता ने कहा कि दैवी आपदा हो या फिर प्राकृतिक, संस्था के सदस्य हमेशा सेवा कार्य के लिए तत्पर रहते है। हर वर्ग के उत्थान का प्रयास करना भी संस्था का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति का प्रचार प्रसार करने में भी संस्था की अहम भूमिका है। सीएमएस डा. खेमचंद्र ने कहा कि सेवा से बढ़कर पुण्य कार्य कोई दूसरा नहीं है। सभी को इसके लिए आगे आना चाहिए। इसके उपरांत जिला अस्पताल में मरीजों को फलों का वितरण किया गया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुनील दोहरया, नवीन विश्वकर्मा, अजय द्विवेदी, राघवेंद्र कनकने, ओमप्रकाश अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, अश्विनी पुरवार, राजेश, रीतेश तरसौलिया प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर