सुहागिनों ने वट वृक्ष पूजकर मांगी पति की लंबी आयु
जागरण संवाददाता, उरई : वट सावित्री अमावस्या पर गुरूवार को सुहागिनों ने व्रत रख कर वट वृक्ष की विधिवत
जागरण संवाददाता, उरई : वट सावित्री अमावस्या पर गुरूवार को सुहागिनों ने व्रत रख कर वट वृक्ष की विधिवत पूजा अर्चना कर अपने पति की लंबी आयु के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। सुबह से शाम तक आस्था का सैलाब उमड़ता रहा। हर वट वृक्ष के नीचे महिलाओं की भारी भीड़ रही। तेज धूप होने के बाद भी गर्मी पर आस्था भारी पड़ी। पूरे दिन पूजा पाठ का क्रम चलता रहा।
वट सावित्री अमावस्या का पर्व सुहागिनों के लिए खास होता है। इस दिन का बड़ी बेसब्री से इंतजार सुहागिन महिलाएं करती हैं। गुरुवार को सुबह से ही सुहागिनें पूजा पाठ की तैयारी में जुट गईं। व्रत रख कर टोलियों के रूप में महिलाएं वट की पूजा करने को पहुंची। सुबह से ही हर वट वृक्ष के नीचे भारी भीड़ रही। महिलाओं ने वृक्ष के तने में धागे लपेट कर फेरे किए और दान पुण्य किया। दोपहर में तेज धूप होने के बाद भी भीड़ कम नहीं हुई। विधिवत पूजा अर्चना करने के बाद ही महिलाओं ने व्रत तोड़ा। शाम तक पूजा का क्रम चलता रहा। पौराणिक मान्यता के अनुसार सावित्री ने अपने पति सत्यवान के मृत शरीर को वट वृक्ष के नीचे रखा था और यमराज से वह अपने पति के प्राण वापस लेकर आईं थी तभी से सुहागिन महिलाएं वट वृक्ष की पूजा कर अपने पति की लंबी आयु की कामना करती हैं। लोगों का मानना है कि यह व्रत पर्व पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ा हुआ है।