जनता में दिखे सुरक्षा का भाव
उरई, जागरण संवाददाता : प्रमुख सचिव गृह देवाशीष पांडा ने गुरुवार को कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार क
उरई, जागरण संवाददाता : प्रमुख सचिव गृह देवाशीष पांडा ने गुरुवार को कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार का आंकलन अब आंकड़ों से नहीं होगा, बल्कि जनता में सुरक्षा की भाव से किया जाए। जनता अपने आप को सुरक्षित महसूस करे, इससे कानून व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। कहा कि बुन्देलखंड में सट्टा के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
झांसी मंडल की कानून व्यवस्था की समीक्षा करने के बाद पत्रकार वार्ता में पांडा ने कहा कि पुलिस को थाना व कोतवाली में आने वाले मामलों में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। सट्टा, वाहन चोरी और हाईवे पर लूटपाट की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जाना चाहिए। पुलिस का मनोबल बढ़ाने के लिए पुलिसकर्मियों की प्रोन्नति की गई है। महकमे की सुविधाएं भी बढ़ाई जा रही हैं। जिससे पुलिस तेजी से कार्रवाई कर सके।
पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद ने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए जल्द ही लखनऊ व नोएडा में थानों की स्थापना होगी। इसके साथ ही अयोध्या और मुजफ्फरनगर के मामलों में सोशल मीडिया में आए वीडियो की जांच चल रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि डायल 100 की योजना को कारगर बनाने के लिए काम किया जा रहा है। जिससे शहरी क्षेत्र में 10 मिनट और ग्रामीण क्षेत्र में 20 मिनट में पुलिस पहुंच सके। कानून व्यवस्था को दुरस्त करने में कोई भी कोताही नहीं बरती जाएगी।