फूट पड़ा महिला का दर्द
कदौरा, संवाद सूत्र : ओलावृष्टि से किसानों की फसलें तबाह होने की जानकारी होने के बाद मंगलवार सुबह सपा
कदौरा, संवाद सूत्र : ओलावृष्टि से किसानों की फसलें तबाह होने की जानकारी होने के बाद मंगलवार सुबह सपा जिलाध्यक्ष अपनी टीम के साथ प्रभावित गांवों में पहुंचे और किसानों के साथ खेतों पर जाकर नुकसान को देखा। इस दौरान किसानों के आंसू देख जिलाध्यक्ष भी कई बार भावुक हो गए। इसके साथ ही उन्होंने किसानों को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलकर अधिक से अधिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
मंगलवार को मवई अहीर में सपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र यादव जैसे ही खेतों पर नुकसान देख कर गांव की ओर लौट रहे थे कि वह वैसे ही उनके सामने दयावती कूद कर आ गई और कहने लगी कि साहब खेती तो ओलावृष्टि से चौपट हो गई है, इसलिए उसे सल्फास दे दो। जिससे कि वह अपनी जान दे दे, क्योंकि खाने और जीवन गुजारने के लिए उसके पास अब कुछ नहीं बचा है। महिला की पीड़ा सुनने के बाद जिलाध्यक्ष ने महिला को आर्थिक सहायता दिलवाने का आश्वासन दिया और कहा कि वह परेशान न हों। इस मौके पर शिव बालक यादव, परमू यादव, दानिश दीवान, विजय यादव, मंगल पाल व परमानन्द मौजूद रहे।