किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास
उरई, जागरण संवाददाता : कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम जमलापुर में एक किशोरी के साथ गांव के ही दो युवको
उरई, जागरण संवाददाता : कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम जमलापुर में एक किशोरी के साथ गांव के ही दो युवकों ने घर में घुसकर सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी के पुरजोर प्रतिरोध के चलते आरोपी अपने इरादे में कामयाब नहीं हो पाये और जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग खड़े हुए। उधर कोंच में भी एक किशोरी के साथ छेड़खानी की गई। मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
ग्राम जमलापुर में किशोरी घर में अकेली थी। इसी दौरान गांव का ही युवक सोनू अपने दोस्त बरदानी के साथ उसके घर में घुस गया। किशोरी को अकेला पाकर दोनों ने उसे बदनीयती से दबोच लिया और सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश करने लगे। हालांकि अस्मत बचाने के लिए किशोरी ने पुरजोर प्रतिरोध किया। उसने बुरी तरह से शोर मचाना शुरू कर दिया। मुहल्ले के लोग मौके पर दौड़ते इससे पहले ही दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। किशोरी ने पिता के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करा दिया है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह का कहना है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर कोंच में किशोरी को दिलशाद नाम के युवक ने बुरी नियत से पकड़ लिया। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने दिलशाद निवासी मुहल्ला आजाद नगर के विरुद्ध छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।