30 तक चालू हो जाएगा कुकरगांव का अस्थाई पुल
उरई, जागरण संवाददाता : कुकरगांव नदी पर बनाये जा रहे अस्थाई सेतु का काम 70 फीसदी पूरा हो चुका है। अधि
उरई, जागरण संवाददाता : कुकरगांव नदी पर बनाये जा रहे अस्थाई सेतु का काम 70 फीसदी पूरा हो चुका है। अधिशाषी अभियंता ने मंगलवार को वैकल्पिक सेतु निर्माण की प्रगति देखी और अभियंता को 28 अक्टूबर तक कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये।
गौरतलब है कि कुकरगांव नदी पर बना पुल कई दशक पुराना हो गया है। जिससे उसकी हालत बेहद जर्जर है। यह पुल कभी भी ढह सकता है। इसको लेकर लोक निर्माण विभाग ने जिलाधिकारी के निर्देश पर ढाई महीने पहले पुल से भारी वाहनों के निकलने पर प्रतिबंध लगा दिया था। जिसके चलते जालौन, इटावा, औरैया और दिल्ली को जाने वाले वाहन काफी चक्कर काटकर गंतव्य तक पहुंच पाते है। इस समस्या को देखते हुए डीएम रामगणेश ने लोकनिर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को वैकल्पिक पुल का निर्माण कराये जाने के निर्देश दिये थे। विभाग ने डीएम का आदेश मिलते ही वैकल्पिक सेतु बनवाना शुरु करवा दिया था। मंगलवार को अधिशाषी अभियंता बीबी अग्रवाल ने पुल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति देखी। साथ ही अवर अभियंता को निर्देश दिये कि 28 अक्टूबर तक काम हर हाल में पूरा करा लें ताकि 30 अक्टूबर तक वैकल्पिक सेतु को चालू कराया जा सके।