जल्दी ही होगा अनुदेशकों का समायोजन
उरई, जागरण संवाददाता :
अनुदेशकों का समायोजन जल्दी ही होगा। मुख्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा सचिव, शिक्षा मंत्री और अनुदेशकों के प्रदेश अध्यक्ष को बुलाकर वार्ता करने का निर्देश दिया है। यह बात बघौरा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में आदर्श अनौपचारिक शिक्षा वैकल्पिक शिक्षा अनुदेशक एसोसिएशन की बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मोहम्मद नसीम खान ने कही। उन्होंने कहा कि अनुदेशकों के समायोजन के लिए जिला और प्रदेश संगठन पूरी तरह सक्रिय है। अगर इसके लिए न्यायालय जाना पड़ा तो इससे भी नहीं हिचका जाएगा। महिला मोर्चा की त्रिवेदी देवी, रक्षा अवस्थी ने कहा कि अगर प्रदेश शासन अनुदेशकों को समायोजित करने में देरी करेगा तो महिला मोर्चा आंदोलन करने को विवश होगा। शमीम अख्तर, चेतना, सुनीता पोरवाल, श्याम बिहारी यादव, विष्णुकांत द्विवेदी, मथुरा यादव, मनोज खरे और कमलेश दोहरे मौजूद रहे।