राष्ट्रवाद व स्थानीय मुद्दों पर हो चुनाव
कोंच,संवाद सहयोगी: राजनेताओं की बेतुकी बयानबाजी को अधिवक्ता ठीक नहीं मान रहे हैं। राष्ट्रवाद व स्थानीय मुद्दे चुनाव से गायब होना दुखद है। यह सही है कि परिवर्तन विकास के नये रास्ते खोलता है, इसलिए वोट विकास को देखते हुए दें। दैनिक जागरण की अधिवक्ता भवन आयोजित चौपाल में अधिवक्ताओं ने अपनी बात बेबाकी से कही।
मतदान जैसे महायज्ञ में सभी को अपनी आहुतियां देनी चाहिए, ताकि स्थानीय स्थिर सरकार बन सके। राजनेताओं को अपनी वाणी पर संयम रखना चाहिए। उन्हें सिर्फ विकास राष्ट्र की बेहतरी की योजनायें जनता को बतानी चाहिए।
बाबू संतलाल अग्रवाल
चुनाव में राजनेता द्वारा जो भी वादा किया जाता है वह कभी पूरा नहीं होता। जीतने के बाद नेता कभी जनता के बीच नहीं आता। इस कारण लोगों का विश्वास नेता से उठ गया है। अच्छा होगा कि जो वादा करें उसे निभाने का भी प्रयास करें।
राजनारायण निगम
परिवर्तन ही विकास की कुंजी होती है। लोकसभा चुनाव राष्ट्र के विकास का चुनाव है नेताओं को राष्ट्रीय मुद्दों पर बयान देने चाहिए। उन्हें राष्ट्र निर्माण राष्ट्र के युवाओं बेरोजगारों, विकास की योजनाओं को जनता के बीच लाना चाहिए तभी देश दुनिया में आगे बढ़ पायेगा।
बृजेंद्र नायक
जातिवाद की राजनीति इस देश के लिए घातक होगी। राजनेताओं को चाहिए कि जातियों को छोड़ देशवासियों की बात करें। यह सच है कि भारत विभिन्न धर्मो, संप्रदायों का देश है लेकिन इसका स्वरूप धर्मनिरपेक्ष है। इस स्वरूप को बनाये रखना राजनेताओं का नैतिक दायित्व होना चाहिए।
राजकुमार खरे
हिंदुस्तानी होने के नाते हमें अपने मतदान के अधिकार का प्रयोग हर हाल में करना चाहिए। ऐसी सरकार को चुनना चाहिए जो सभी वर्ग, धर्म संप्रदाय के मानने वालों के हितों की रक्षा कर सके।
ऐनुल आरफीन
लोकसभा चुनाव राष्ट्र के विकास का चुनाव है, लेकिन स्थानीय समस्याओं को भी अनदेखा नहीं किया जा सकता। आज सड़कों की स्थिति अत्यंत जर्जर है। कोई राजनेता प्रत्याशी इन सड़कों को ठीक कराने को आगे नहीं आता। चुनाव के बाद तो उसके दर्शन भी नहीं हो पाते।
जितेंद्र सिंह गुर्जर
लोकतंत्र के महापर्व पर प्रत्येक मतदाता का दायित्व हो जाता है कि वह अपने मत का प्रयोग करे। पांच वर्ष में मतदाता को एक बार यह मौका मिलता है। इसलिए इस मत का प्रयोग अवश्य करें। साथ ही उसे वोट दें जो राष्ट्र निर्माण व स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता दे।
अरुण मिश्रा
देश की गंगा जमुनी तहजीब को बनाये रखने वालों को ही वोट करें ताकि सदियों से चली आ रही भारतीय संस्कृति की रक्षा हो सके। एक दूसरे को बांटने वालों से सावधान रहें।
शहजाद सिद्दीकी
लोकतंत्र की रक्षा के लिए भारत की एकता अखंडता को बनाये रखने के लिए ऐसे उम्मीदवार को वोट करें जो राष्ट्र प्रेम तथा विकास की गंगा बहा सके।
अमर बाबू पाठक
लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हर व्यक्ति को अपनी बात कहने का पूरा अधिकारी है, लेकिन वोट देते समय यह भी ध्यान रखना चाहिए कि किसी ऐसे व्यक्ति को वोट न करें जो दूसरों के धर्मो को नुकसान पहुंचा जा सके।
शशांक श्रीवास्तव