भविष्य के साथ पौधों को संवारेंगे बच्चे
प्रमोद ¨सह, हाथरस : पौधरोपण के जरिए पर्यावरण को बचाने की मुहिम स्कूलों में भी चलने वाली है। जल
प्रमोद ¨सह, हाथरस :
पौधरोपण के जरिए पर्यावरण को बचाने की मुहिम स्कूलों में भी चलने वाली है। जल्द ही बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पौधरोपण कराया जाएगा। इस बार इन पौधों की देखभाल करने की जिम्मेदारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को सौंपी जानी है। पांच-पांच बच्चों का समूह बनाया जाएगा जो पौधों को गोद लेकर उनकी देखभाल करेंगे।
स्कूलों की स्थिति : जिले में 1511 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं, जिनमें करीब सवा लाख बच्चों को चार हजार से अधिक शिक्षक व शिक्षिकाएं पढ़ाते हैं। इन बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के बारे में पढ़ाया-सिखाया जाता है। गोष्ठी से लेकर रैली आदि का आयोजन भी कराया जाता है। इसके बाद भी विद्यालयों हरियाली न होने के कारण बच्चों को गर्मी के दिनों में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
अब होंगे प्रयास :
इस साल मानसून आने से पहले ही आला अधिकारियों ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पौधरोपण की योजना बना ली है। इसके निर्देश बीएसए के पास आ चुके हैं। जिले में तीन हजार से अधिक पौधे बारिश शुरू होने पर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। विभागीय अधिकारियों ने भी विद्यालयों के खुलने पर पौधे लगाने के निर्देश एबीएसए के माध्यम से हेड मास्टरों को दे दिए हैं। विद्यालयों में रैली के अलावा शपथ भी पौधरोपण को लेकर दिलाई जाएगी।
फलदार व सजावटी पौधे :
बेसिक शिक्षा निदेशक डॉ. सर्वेन्द्र विक्रम बहादुर ¨सह ने सभी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक व बीएसए को पत्र जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि एक से पांच जुलाई तक विद्यालय परिसर में पौधरोपण का कार्य कराया जाए। वन विभाग प्रत्येक विद्यालय को बीस पौधे निश्शुल्क उपलब्ध कराएगा। विद्यालय में नीम, जामुन, अशोक, आंवला, आम अमरूद आदि के पौधे लगाए जाएं। यूकेलिप्टस प्रजाति के पौधे न रोपे जाएं।
बच्चे लेंगे पौधों को गोद :
विद्यालयों में 5-5 छात्र-छात्राओं का समूह हेड मास्टर को बनाना होगा। उन्हें एक-एक पौधे को गोद लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रत्येक समूह का दायित्व होगा कि वह एक पौधे की तब तक देखभाल करेगा, जब तक वह विद्यालय में पढ़ेगा। इससे छात्रों में पौधों तथा पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता तथा अपनत्व की भावना पैदा होगी। बच्चों को पौधों की देखभाल की शपथ भी दिलाई जाएगी।
वर्जन-
पौधरोपण के लिए निर्देश प्राप्त हो गए हैं, बच्चों के समूह बनाकर उन्हें पौधे गोद दिलाए जाएंगे। हेड मास्टर अपनी मौजूदगी में बच्चों को शपथ दिलाएंगे। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं।
रेखा सुमन, बीएसए, हाथरस।