हाईटेंशन करंट से बालिका की मौत
संवाद सहयोगी, हाथरस : हसायन क्षेत्र के गांव रामपुर में बकरी को चराते समय एक नौ वर्षीय बालिका की छ
संवाद सहयोगी, हाथरस : हसायन क्षेत्र के गांव रामपुर में बकरी को चराते समय एक नौ वर्षीय बालिका की छतरी हाईटेंशन लाइन से छू गई। करंट लगने से बालिका की मौत हो गई। वहीं इगलास रोड पर काम कर रहा संविदा कर्मचारी विद्युत पोल से गिरकर घायल हो गया। कांशीराम कालोनी में एक युवक करंट से घायल हो गया। दोनों का उपचार जिला अस्पताल में कराया गया।
सतेन्द्र की नौ वर्षीय बेटी टीना कक्षा तीन की छात्रा थी। शुक्रवार को स्कूल से पढ़ने के बाद वह घर आ गई। खाना खाने बाद दोपहर तीन बजे के करीब बच्ची अपनी बकरी चराने के लिए खेतों की तरफ ले गई। बरसात होने के कारण बच्ची अपने संग छतरी भी ले गई। बताते हैं कि खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन काफी नीचे है। बच्ची बकरी को चरा रही थी कि तभी उसकी छतरी हाईटेंशन लाइन से छू गई और उसे जोर का करंट लग गया। करंट लगने से बच्ची की मौत हो गई। सूचना पर परिजन पहुंच गए। बेटी की करंट से मौत हो जाने से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। एकत्रित ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश था। पूर्व में कई बार लाइनें नीची हो जाने की जानकारी दी गई, लेकिन विभाग के अधिकारियों ने उन्हें सही कराना जरूरी नहीं समझा। आरोप है कि बच्ची की करंट से मौत हो जाने की सूचना ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को दे दी थी, लेकिन तीन चार घंटे बीत जाने के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
वहीं इगलास रोड पर विद्युत पोल पर चढ़कर लाइन सही कर रहे संविदा कर्मचारी ज्योति शर्मा निवासी माहेश्वरी कालोनी पोल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। कोतवाली क्षेत्र के कांशीराम कालोनी में विद्युत करंट लगने से 32 वर्षीय रमेश गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों का उपचार जिला अस्पताल में कराया गया।