युवक को बना दिया किन्नर
संवाद सहयोगी, हाथरस : लड़कियों की वेशभूषा में रहने वाले युवक के गुप्तांग को आपरेशन के जरिये निकलवाकर
संवाद सहयोगी, हाथरस : लड़कियों की वेशभूषा में रहने वाले युवक के गुप्तांग को आपरेशन के जरिये निकलवाकर किन्नर बना दिया गया। तीन दिन बाद होश आने पर युवक आरोपियों के चंगुल से निकल कर कोतवाली सदर पहुंचा तथा मामले की शिकायत की। घटना की जानकारी पर परिजन भी कोतवाली आ गए। पुलिस ने युवक का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। एक मंगलामुखी व उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
नगला बेलनशाह का जतिन (बदला नाम) पिछले कई साल से लड़कियों की वेशभूषा में रहता था। विभिन्न आयोजनों में नृत्य कर व झांकी निकालकर अपना परिवार पाल रहा था। डांसर के रूप में उसने काफी ख्याति पाई थी। इसके चलते उसके शहर व आसपास के मंगलामुखियों से भी संपर्क बन गए थे। जतिन के अनुसार घटना 23 जून की है। शहर की प्रमुख मंगलामुखी ने उसे रात में फोन कर घर बुलाया था। वहां बातचीत करने के बाद दही के साथ पराठे खिलाए। जतिन के अनुसार पराठे कड़वे थे। इन्हें खाने के बाद वह बेहोश हो गया। सोमवार की शाम उसे होश आया। वह उसी मंगलामुखी के घर में बंद था। जैसे-तैसे वह उसके चंगुल से निकलकर तालाब चौराहे पर पहुंचा। उससे चला नहीं जा रहा था तथा कपड़े भी खून में सने लग रहे थे। जब खून की वजह जानी तो उसके होश उड़ गए। वह रिक्शे में बैठकर सीधे कोतवाली सदर पहुंचा तथा घटना की जानकारी पुलिस को दी। गुप्तांग जिस तरह काटा गया था उससे साफ हो रहा था कि उसका आपरेशन किया गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई।
युवक से तहरीर लेने के बाद उसे चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी पर जतिन के परिजन भी कोतवाली सदर पहुंच गए। युवक का कहना है कि उसके काम के कारण आरोपी उससे रंजिश मानते हैं। इसी कारण घटना को अंजाम दिया गया है। शहर कोतवाल ने उच्च अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। रात तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।