दहेज के लिए पिलाया केरोसिन
संवाद सूत्र, हाथरस : गंभीर हालत में सादाबाद सीएचसी पहुंची महिला ने ससुरालियों पर गोलियां खिलाने के ब
संवाद सूत्र, हाथरस : गंभीर हालत में सादाबाद सीएचसी पहुंची महिला ने ससुरालियों पर गोलियां खिलाने के बाद केरोसिन पिलाने का गंभीर आरोप लगाया। महिला का कहना था कि दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। हालांकि महिला के पति का कहना था कि उसने स्वयं केरोसिन पिया है। चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया। इधर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई थी।
चौकी बिसावर क्षेत्र के गांव बिजना निवासी सुशील अपनी पत्नी वीरमती को गंभीर हालत में सीएचसी सादाबाद लेकर पहुंचे। महिला के मुंह व कपड़ों से केरोसिन की बदबू आ रही थी। चिकित्सक के पूछने पर उसके पति ने बताया कि गुस्से में वीरमती ने केरोसिन पी लिया है। उपचार के दौरान महिला का कुछ और ही कहना था। उसने अपने ससुरालियों पर केरोसिन पिलाने का आरोप लगाया। जानकारी के अनुसार बिसावर चौकी एक सिपाही को भी महिला ने बताया है कि दहेज में बाइक व अन्य सामान को लेकर आए दिन उससे मारपीट होती है। गुरुवार को इसी बात को लेकर उसके साथ मारपीट की गई तथा गोलियां खिलाने के बाद उसे जबरन केरोसिन पिला दिया गया। हालत बिगड़ने पर डर के कारण पति ही उसे अस्पताल ले आया। महिला की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया। पति का कहना था कि सास से झगड़े के बाद पत्नी ने यह कदम उठाया। मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली सादाबाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। एसओ एमएस भाटी ने कहा कि महिला को केरोसिन पिलाने का मामला संज्ञान में आया है, लेकिन अभी तक किसी ने लिखित रूप में शिकायत नहीं की है। जांच-पड़ताल कराई जा रही है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। सीएचसी से भी कोतवाली पुलिस को मीमो भेजा गया है, जिसमें महिला को गोली खिलाने व केरोसिन पिलाने का जिक्र किया गया है।