प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया हुनर
संवाद सहयोगी, हाथरस : शनिवार को किसान महोत्सव के दूसरे दिन कई प्रतियोगिताएं स्कूली बच्चों की हुईं
संवाद सहयोगी, हाथरस : शनिवार को किसान महोत्सव के दूसरे दिन कई प्रतियोगिताएं स्कूली बच्चों की हुईं, जिनमें बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। विजयी प्रतिभागियों को रविवार को दोपहर डांस प्रतियोगिता के बाद पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
सबसे पहले रंगोली प्रतियोगिता हुई, जिसमें कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हाथरस की खुशबू, मेहरुन्निशा और सिल्की ने प्रतिभाग किया। वहीं सुरजोबाई कन्या इंटर कालेज से रेशमा, निशा और सुल्ताना ने भाग लिया। निर्णायक मंडल में दीपा चड्डा, राधा गावर, डा. संध्या अग्रवाल और अनुराधा गौड़ शामिल रहीं। सुरजोबाई कन्या इंटर कालेज की निशा प्रथम, सुल्ताना द्वितीय और कस्तूरबा गांधी विद्यालय हाथरस की खुशबू तृतीय स्थान पर रही। मेहंदी प्रतियोगिता में सुरजोबाई कन्या इंटर कालेज की निशा परवीन, राबिया के अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की प्रवेश, सुमन और शबाना ने भाग लिया। एमएलडीवी पब्लिक स्कूल से रश्मि, गरिमा शर्मा,अदिति और गजल सौंखिया ने प्रतिभाग किया। छात्राओं के संग जूनियर हाई स्कूल गिजरौली के छात्र पंकज ने भाग लिया। प्रथम स्थान पर सुरजोबाई कन्या इंटर की निशा परवीन, द्वितीय स्थान पर संयुक्त रूप से छात्र पंकज और सुमन रहीं। तृतीय स्थान पर भी संयुक्त रूप से एमएलडीवी की गजल सौंखिया और अदिति रहीं। पेंटिग प्रतियोगिता में आरएस पब्लिक स्कूल के हर्ष सारस्वत, हिमांशु गुप्ता, जागृति और गौरी सारस्वत ने भाग लिया। एमएलडीवी स्कूल से कपिल, चंद्र मोहन शर्मा, प्रीति और रश्मि ने प्रतिभाग किया। आरपीएम से चंद्र शेखर शर्मा, कस्तूरबा गांधी हाथरस की निशा, सरोज और रत्नेश ने भाग लिया। इसके जय भारत विद्या मंदिर से लकी के अलावा शिवांग, देवेश शर्मा ने प्रतिभाग किया। इसमें एमएलडीवी के कपिल कुमार प्रथम और रश्मि कुमारी द्वितीय रही। जय भारत पब्लिक स्कूल का लकी तृतीय रहा। प्रतियोगिताओं के बाद गुरुनानक पब्लिक स्कूल नगला रानी सहित तमाम बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। रविवार को डांस प्रतियोगिता का आयोजन सुबह ग्यारह बजे से होगा। विजयी प्रतिभागियों को डांस प्रतियोगिता के समापन के बाद पुरस्कृत किया जाएगा।