गंदगी व जलभराव होने पर लोगों ने किया प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, हाथरस : होली वाली गली में नाला चोक होने से गली कोजड़ान में सड़क पर गंदा पानी भर गया।
जागरण संवाददाता, हाथरस : होली वाली गली में नाला चोक होने से गली कोजड़ान में सड़क पर गंदा पानी भर गया। इलाके के लोग परेशान हैं। बुधवार को इसके विरोध में लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी तब नगर पालिका के ईओ मौके पर पहुंचे।
गली कोजड़ान में जल भराव की समस्या के निदान के लिए होली वाली गली में नाला निर्माण कराया गया मगर इससे समस्या का हल होने के बजाय समस्या और विकराल हो गई है। एक सप्ताह से होली वाली गली का अंडर ग्राउंड नाला चोक है जिससे सड़क पर गंदा पानी एकत्र हो गया है। लोग घरों से निकल नहीं पा रहे हैं। स्कूली बच्चों को इसी गंदे पानी से होकर आना-जाना पड़ रहा है। गंदे पानी के कारण बीमारी फैलने की आशंका है।
लोगों ने बुधवार को नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही समस्या के स्थायी निदान की मांग की। प्रदर्शन की सूचना मिली तो पालिका के ईओ बाल कृष्ण कुम्हेरिया और सभासद रामजीलाल वर्मा वहां गए।
ईओ ने मौके का निरीक्षण करने के बाद सफाई कराने का आश्वासन दिया। वर्मा का कहना है कि इस समस्या का स्थायी निदान होना चाहिए। जब बिना बरसात यह हाल है तो बरसात में हालात और बिगड़ जाएंगे। ईओ के निर्देश पर नाले की सफाई के लिए कर्मचारियों को लगाया गया है। जलनिकासी के लिए पंपसेट भी लगाया गया है। ईओ का कहना है कि चोक नाला जल्द ही साफ हो जाएगा।