हर जिले में बनेंगे बाल आश्रयगृह
संवाद सहयोगी, हाथरस : सादाबाद में उ.प्र. महिला कल्याण एवं बाल विकास बोर्ड के चेयरमेन मोहम्मद कमर आलम
संवाद सहयोगी, हाथरस : सादाबाद में उ.प्र. महिला कल्याण एवं बाल विकास बोर्ड के चेयरमेन मोहम्मद कमर आलम का कहना था कि प्रदेश में बाल आश्रयगृहों की बेहद कमी है। तमाम निराश्रित बच्चों को सहारा नहीं मिल पा रहा है। अब सरकार ने हरेक जिले में बाल आश्रयगृह बनवाने की कवायद शुरू की है। अनाधिकृत महिला आश्रम व बाल आश्रम नहीं चलने दिए जाएंगे।
यहां बाईपास पर मदरसा मिसवाह उल उलूम में शुक्रवार को पत्रकारों से उन्होंने कहा कि दो दिसंबर को बोर्ड की बैठक होनी है। बोर्ड द्वारा बाल विकास व महिला कल्याण की हेल्प लाइन शुरू की जायेगी जिससे निराश्रित लोग अपनी समस्या रख सकेंगे।
उन्होंने कहा कि कई जिलों में अवैध रूप से महिला आश्रम और बाल आश्रम चलाये जा रहे हैं। सभी जिलों के जिलाधिकारियों को आदेश दिया गया है कि ऐसे अनाधिकृत आश्रमों को तत्काल बंद कराएं। सभी आश्रमों व संस्थाओं से तत्काल अपना पंजीकरण कराने को कहा गया है। इसके बाद बिना पंजीकृत संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दर्जा प्राप्त मंत्री ने कहा कि निराश्रित महिला व बालकों के लिए संचालित विद्यालय व आश्रम के उत्थान के लिए योजनाएं चलाई जाएगी। प्रदेश भर में ब्लॉक स्तर पर बच्चों की प्रतियोगिताएं कराने को कहा गया है ताकि उनमें छुपी प्रतिभा को उजागर किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार विधवा निराश्रितों के हक में काम करना चाहती है। बाल आश्रमों व अनाथालयों में बच्चों के लिए अच्छे भोजन की व्यवस्था की जाएगी ताकि बच्चे कुपोषण का शिकार न हों।
इस मौके पर अब्दुल वसीम कुरैशी, हाजी खलील मोहम्मद, नरेन्द्र पाठक, रवि मौहम्मद आदि लोग मौजूद थे।