युवक को गोली मार 30 हजार लूटे
संवाद सहयोगी, हाथरस : सासनी में बहन के घर आ रहे बाइक सवार युवक को चार लोगों ने गोली मार घायल कर दिया
संवाद सहयोगी, हाथरस : सासनी में बहन के घर आ रहे बाइक सवार युवक को चार लोगों ने गोली मार घायल कर दिया। साथ ही नगदी व तीस हजार रुपये लूट ले जाने में सफल हो गए। पुलिस मामले में छानबीन जुटी हुई है।
अलीगढ़ के थाना इगलास के गांव बिहारीपुरा के रहने वाले ब्रजेश पुत्र गौरीशंकर की बहन राजकुमारी पत्नी महेश चन्द्र सासनी क्षेत्र में रहती है। शनिवार की भाई दूज होने के कारण वह शुक्रवार की सुबह बाइक पर सवार होकर बहन के घर आ रहे थे। जैसे ही वह गड़ऊआ मोड़ पर पहुंचे कि तभी दो बाइकों पर सवार चार लोगों ने उसे रोक लिया। साथ ही कनपटी पर तमंचा सटा लूटपाट की। इसका ब्रजेश ने विरोध भी किया।
महेश के अनुसार विरोध करने पर शातिरों ने फायर कर दिया जिसके कारण ब्रजेश घायल हो गया। वहीं शातिर तीस हजार रुपया नगद, मोबाइल व बाइक को लूट ले जाने में सफल हो गए। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। इधर घायल को उपचार के लिए अलीगढ़ भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।