कात्यायनी शुभं दद्यात देवी दानवघातिनी
जागरण संवाददाता, हाथरस : मंगलवार को शरदीय नवरात्रि का छठवां दिन। घर-घर में मां कात्यायनी की पूजा
जागरण संवाददाता, हाथरस : मंगलवार को शरदीय नवरात्रि का छठवां दिन। घर-घर में मां कात्यायनी की पूजा अर्चना करते हुए भक्तों ने जय-जयकार की। अज्ञारी कर लोगों ने लौंग का जोड़ा व गुग्गुल भी चढ़ाया। चामुंडा देवी मंदिर पर हवन यज्ञ में भी भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही लोग जयकारे लगाते नजर आते हैं।
मंगलवार की सुबह से ही भक्तों ने मां कात्यायनी की विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना की। लौंग का जोड़ा चढ़ाया। इसके बाद भक्त हाथों में पूजा की थाली और जल का लोटा लिए किला गेट स्थित पथवारी मंदिर, चामुंडा देवी मंदिर, बौहरे देवी मंदिर समेत अन्य शक्तिपीठों की ओर प्रस्थान करते नजर आए। महिलाओं की टोलियां जयकारे लगाते हुए चल रही थी। शक्तिपीठों पर भक्तों की कतार लगी नजर आई। जयकारों को दौर चला और घंटे- घड़ियाल भी गूंजते रहे। शक्तिपीठों पर देवी कथा, श्रीमद् भागवत, भजन-कीर्तन का दौर भी चलते रहे।
दिन ढलते ही रोज की तरह शाम को फिर से भक्त मंदिरों की ओर उमड़ते हुए नजर आए। मंदिरों पर देवी की महाआरती की गई। ऐसे में घंटे घड़ियालों की गूंज भी सुनाई देती रही। रमनपुर, सहपऊ, सासनी कंकाली देवी मंदिरों समेत कई अन्य मंदिरों पर यज्ञ में भक्त आहूतियां दे रहे थे तो भक्त यज्ञ वेदी की परिक्रमा लगाते हुए खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे थे। रामदरबार मंदिर में चल रहा भजन कीर्तन का दौर जारी रहा। इस दौरान कैलाश चन्द्र बूटिया, मनोज बूटिया, दीपक बूटिया, आभा गुप्ता, हरिओम शर्मा, गनपत देव शर्मा आदि उपस्थित थे। आरती के साथ प्रसाद का वितरण किया।