चिह्नित होंगे उपद्रव व पथराव करने वाले
संवाद सहयोगी, हाथरस : संगीत सम्मेलन में उपद्रव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई संभव है। सीसीटीवी रिकार्डिग के जरिए उपद्रवियों को चिन्हित किया जा रहा है। कोतवाली सदर प्रभारी ने पथराव व आगजनी का मुकदमा भी दर्ज करा दिया है। गिरफ्तारी के लिए जल्द ही पुलिस आरोपियों के घरों पर दबिश देगी।
मेला श्री दाऊजी महाराज के समापन वाले दिन 18 सितंबर की रात संगीत सम्मेलन का आयोजन हुआ। पूर्व की भांति कार्यक्रम में अपार में भीड़ आने की संभावना थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन ने चाक चौबंद इंतजाम किए मगर उपद्रवियों के आगे पुलिस की व्यवस्थाएं फेल नजर आई। मंच पर फिल्म अभिनेत्री निशा कोठारी के आने से पहले ही पत्थर फिंकने शुरू हो गए थे। उपद्रव करते युवकों को पुलिस कर्मियों ने कई बार खदेड़ा। पानी की टंकी के पास खाई व दूसरी ओर बगीची में से युवकों ने पथराव किया। टुकड़ियों में यह लोग छुपे हुए थे और अव्यवस्था फैला रहे थे। मेला पंडाल में हुए उपद्रव के कारण कार्यक्रम जल्द बंद करवा दिया गया। पथराव में कई पुलिस कर्मी व अन्य लोग घायल हुए। उपद्रवियों ने वकीलों के बिस्तर भी जला दिए। 20 सितंबर की शाम कोतवाली सदर प्रभारी एके सिंह ने उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों को चिन्हित करने में जुट गई है। इसके लिए सीसी टीवी का सहारा लिया जा रहा है।
मेले में 16 सीसी टीवी कैमरे लगाए गए थे। इसके अलावा संगीत सम्मेलन वाले दिन अलग से वीडियो रिकार्डिग की व्यवस्था की गई थी। बताते हैं कि मेला पंडाल पर पथराव करते हुए कुछ युवक रिकार्डिग में आ गए हैं। इनकी पहचान की जा रही है। पहचान होते ही अव्यवस्था फैलाने वाले युवकों के घर दबिश दी जाएगी। अधिकारियों की सख्ती के कारण उपद्रवियों की गिरफ्तारी पूरा जोर दिया जा रहा है।