मेले में विधिक साक्षरता शिविर का उद्घाटन
हाथरस : मेला दाऊजी महाराज के परिसर में विधिक साक्षरता शिविर का उद्घाटन प्रभारी जनपद न्यायाधीश भगवान देव मिश्र ने फीता काटकर किया। इसमें जनता को प्राधिकरण की ओर से पंपलेट्स एवं कानूनी ज्ञान माला की पुस्तकें वितरित की गईं।
शिविर 15 सितम्बर तक प्रतिदिन लगाया जाएगा, जिसमें जनता को कानूनी एवं शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर मुख्य मजिस्ट्रेट ओमवीर ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदत्त सुविधाओं की जानकारी देते हुए कहा कि जनता को इसका लाभ लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस शिविर में प्राप्त जानकारियों को दूसरों को भी दें जिससे जनता इसका लाभ उठा सके। 6 दिसम्बर को राष्ट्रीय वृहद लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वादकारियों को अपने वाद का निस्तारण कराकर राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं। अपर जनपद न्यायाधीश दिनेश कुमार ने मोटर दुर्घटना प्रतिकर मामलों के संबंध में जानकारी दी। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनराज सिंह ने प्रथम सूचना रिपोर्ट के संबंध में जानकारी दी। सिविल जज चित्रा शर्मा ने उत्तराधिकार अधिनियम की जानकारी दी। प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय महेश नौटियाल ने पारिवारिक मामलों के संबंध में जानकारी दी। वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी व जिला शासकीय अधिवक्ता ने फौजदारी मामलों एवं सिविल मामलों के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि शिविर से जनता को विधिक जानकारी प्राप्त होगी। इस मौके पर समस्त न्यायिक अधिकारीगण, प्रशासनिक अधिकारीगण आदि मौजूद थे।