शाही मस्जिद में बखेड़ा
संवाद सहयोगी, हाथरस : सिकन्दराराऊ में शुक्रवार को जुमे की नमाज से पूर्व शाही जामा मस्जिद में बखेड़ा हो गया। इसके मूल में मुतवल्ली के विवाद और इमाम का भड़काऊ बयान माना जा रहा है। बाद में पुलिस और पीएसी पहुंची तो उसे भी कोप का भाजन बनना पड़ा। नोक-झोंक और धक्का मुक्की भी हुई। तनाव की स्थित बन गई तो पुलिस प्रशासनिक अधिकारी दौड़ लिए। फोर्स तैनात कर दिया। वक्फ बोर्ड के अग्रिम आदेशों तक शमी अख्तर को मुतवल्ली का दायित्व सौंपा गया है। साथ ही अब नमाज सूफी हाजी मोहम्मद हनीफ अदा कराएंगे। इसी पर मामला शांत हो सका।
पुरानी तहसील के निकट शाही जामा मस्जिद है। यहां के मुतवल्ली का जिम्मा सपा के नगराध्यक्ष शमी अख्तर संभाले हुए हैं। इस पर वक्फ बोर्ड के समक्ष इसरत अली ने आपत्ति पेश की। शुक्रवार को जुमा की नमाज से पूर्व ही मुतवल्ली को लेकर विवाद हो गया। ऐसे में एक पक्ष ने इमाम रफीकउल कादरी के भड़काऊ बयान के प्रति भी रोष जाहिर किया, जो उन्होंने बुधवार को हुए मीलाद-शरीफ में दिए थे। साथ की कहा गया कि भड़काऊ बयान देने वाले यहां नमाज नहीं पढ़ाएंगे। विवाद बढ़ने लगा और आपस में तकरार होने लगी। सूचना मिलते ही एसओ नित्यांनद पुलिस पीएसी के साथ आ गए। इस दौरान पुलिस से भी धक्का-मुक्की की गई।
विवाद बढ़ने की जानकारी मिलते ही एडीएम उदयीराम, एएसपी श्रीकृष्ण, एसडीएम एनपी पांडेय, सीओ पवन गौतम पुलिस बल के साथ आ गए। उन्होंने सभी को समझाया और दोनों पक्षों की बात सुनी। इस बीच पुलिस की मौजूदगी में ही जुमा की नमाज अदा कराई गई। इमाम रफीकउल कादरी को एक कमरे में कर दिया गया। बाद में दोनों पक्ष कोतवाली आ गए, जहां दोनों पक्षों का जमघट लगा रहा। पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों के कागजात देखे। इसके बाद तय हुआ कि वक्फ बोर्ड के अग्रिम आदेशों तक मुतवल्ली का दायित्व शमी अख्तर ही संभाले रहेंगे।
पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने सर्व सम्मति से मस्जिद में नमाज का जिम्मा सूफी हाजी मोहम्मद हनीफ को सौंपते हुए मस्जिद में बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी इमाम रफीक उल कादरी को सौंपी क्योंकि यही मांग लोगों की थी। तब कहीं जाकर मामला शांत हो सका। इस पर दोनों पक्ष कोतवाली से चले आए।
इनका कहना है-
मुतवल्ली को लेकर विवाद था। दूसरी ओर एक पक्ष ने इमाम के भड़काऊ बयान के प्रति रोष जताया। कागजात देखने पर वक्फ बोर्ड के अग्रिम आदेशों तक शमी अख्तर को मुतवल्ली का दायित्व सौंपा है। नमाज सूफी हाजी मोहम्मद हनीफ कराएंगे। इसपर दोनों पक्ष सहमत हैं।
-एनपी पांडेय, एसडीएम, सिकन्दराराऊ।