जाम से यातायात व्यवस्था चरमराई
संवाद सहयोगी, हाथरस : बुधवार को आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर दिनभर यातायात पुलिस जाम खुलवाने को मशक्कत करती रही। जाम की वजह से दिनभर यात्रियों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस को रूट बदलकर वाहनों को निकालना पड़ा।
जिले में गुरुवार को मतदान होना है। पोलिंग पार्टियों के वाहन इधर से उधर जाने की वजह से बुधवार को आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर बड़े वाहनों का आवागमन अधिक रहा। पोलिंग पार्टियों को बूथों तक ले जाने के लिए वाहन पालीटेक्निक स्थल पर पहुंच रहे थे। सुबह दस बजे से ही मार्ग पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गयीं। वाहनों की स्थिति यह रही कि बागला मार्ग पर जाम लग गया। इस कारण शहर के अंदर मार्ग पर वाहन जाने लगे, जिससे पैदल चलने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लेबर कालोनी से लेकर आगरा रोड पर गिजरौली तक वाहन फंस गए। कुछ ऐसी ही स्थिति मथुरा-बरेली मार्ग पर रही। जाम की स्थिति को देख यातायात पुलिस के पसीने छूट गये। यातायात पुलिस के संग थाना कोतवाली हाथरस गेट और शहर कोतवाली पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। बसों में यात्रियों के फंस जाने से अंदर गर्मी के मारे बुरा हाल रहा। आखिरकार सासनी से आगरा जाने वाले वाहनों को वाया इगलास होते हुए मुरसान से सादाबाद निकाला गया। आगरा से अलीगढ़ जाने वाले वाहनों को भी इसी रूट से होकर निकाला गया। तब कहीं जाकर जाम खुल सका। जाम की वजह से काफी देर तक पोलिंग पार्टियों के वाहन फंसे रहे।