अब रात आठ बजे तक मिलेगा आरक्षण टिकट
संवाद सहयोगी, हाथरस : सिटी स्टेशन पहुंचे मंडल वाणिज्य प्रबंधक इज्जतनगर (डीसीएम) यशपाल सिंह ने तत्काल आरक्षण की गोपनीय तरीके से जांच की। इस दौरान उन्होंने वाणिज्य विभाग के दस्तावेज देखे और रात आठ बजे तक आरक्षण टिकट देने की घोषणा की।
सीनियर डीसीएम यशपाल सिंह शुक्रवार तड़के 4 बजे सिटी स्टेशन पहुं गए। यहां रेस्ट करने के बाद उन्होंने सुबह के समय स्टेशन का निरीक्षण किया। कार्यालय पर औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद सुबह 10 से 10.30 बजे तक उन्होंने यात्रियों के बीच रहकर तत्काल आरक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। लोगों को आभास नहीं होने दिया गया कि उनके बीच कोई अधिकारी खड़े हैं। आरक्षण व्यवस्था से डीसीएम संतुष्ट नजर आए। इसके बाद वे कार्यालय पहुंचे और स्टाक रजिस्टर दस्तावेज देखे और विभागीय कार्य की समीक्षा की। उन्होंने वाणिज्य अधीक्षक विपिन सारस्वत से आय, खपत, समस्या के बारे में पूछा। स्टेशन पर व्याप्त एनाउंसमेंट की समस्या को डीसीएम ने गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि स्टेशन मास्टर के कक्ष में एनाउंसमेंट की व्यवस्था की जाएगी।
सिटी स्टेशन पर आरक्षण की स्थिति अच्छी देखते हुए उन्होंने आरक्षण के समय में इजाफा किया। उन्होंने कहा कि सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक आरक्षण काउंटर खुला होगा। अब तक केवल पांच बजे तक ही सिटी स्टेशन पर आरक्षण हुआ करते थे। टिकट वितरण के दौरान आरक्षण नहीं होगा, क्योंकि टिकट बाबू को ही आरक्षण के लिए लगाया जाएगा।