हड्डियां जाएंगी प्रयोगशाला
जागरण संवाददाता, हाथरस : एटा पुलिस द्वारा दबोचे गए शातिर ने कई अन्य घटनाओं का जुर्म स्वीकार किया है। पुलिस को इसके दो अन्य साथियों की तलाश है। पुलिस ने शेष मिली हड्डियों को अपने कब्जे में ले लिया है। इनको पोस्टमार्टम के लिए भेजा जहां से इन्हें प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
ज्ञात हो कि गुरुवार की शाम एटा कोतवाली सदर के इंस्पेक्टर दिनेश चन्द्र दुबे ने अपनी टीम के साथ गांव नगला तली के खेत में छानबीन की। दबोचे गए शातिर विकास पुत्र राम प्रकाश निवासी सिराऊ थाना कोतवाली एटा ने बताया था कि शव को यहां पर फेंका गया है। खेत को खंगाला तो खेत से खोपड़ी, हड्डियां मिली और कपड़े भी मिले हैं।
इन लोगों ने भाडे़ पर लायी स्कार्पियो को लूट लिया था। चालक राधेश्याम बघेल पुत्र मूलचन्द्र निवासी सूरतपुर थाना मिरहची कासगंज हाल निवासी भूतेश्वर रोड शांति नगर एटा की हत्या कर दी थी। इन्होंने अन्य घटनाओं का भी जुर्म स्वीकारा। एटा क्राइम ब्रांच के प्रभारी दिग्विजय सिंह के अनुसार बदमाश ने कई अन्य घटनाओं का जुर्म स्वीकार किया है। अन्य की तलाश की जा रही है।