राम दूत अतुलित बल धामा
जागरण संवाददाता, हाथरस : मंगलवार से शुरू हुई हनुमान जयंती समारोहों की धूम बुधवार तक चली। मंदिरों में 56 भोग लगे तो सुंदर कांड पाठ भी हुआ।
नया मिल परिसर स्थित बालाजी महाराज मंदिर में 56 भोग व फूल बंगला सजा। प्रदीप गुप्ता, नेहनू खरादी, प्रीतुल उपाध्याय, राज शर्मा, धीरज चंदेल, ओम प्रकाश कश्यप, दिनेश शर्मा, सुनील शर्मा, राहुल चौधरी आदि का सहयोग रहा।
सहपऊ : हनुमान टीले पर भक्तों की भारी भीड़ जुटी। पूजा अर्चना के साथ भोग प्रसाद व भंडारे के आयोजन हुए।
भक्तों ने आचार्य पं. योगेंद्र शास्त्री के सानिध्य में चोला चढ़ाकर भंडारे का भोग प्रसाद बांटा। ग्राम दोही नगला महासुख बजरंग आश्रम पर सवा मनी छप्पन भोग एवं फूल बंगला दर्शन आदि के आयोजन के साथ विशाल भंडारा पं.रातदत्त शर्मा के नेतृत्व में उनके शिष्य विनोद चौधरी सहपऊ वालों ने कराया। रात में जागरण हुआ।
सिकंदराराऊ : हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में पंत चौराहा स्थित परशुराम वाटिका में निम्बार्केश्वर महादेव मंदिर पर धार्मिक आयोजनों की धूम रही। सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया गया। आचार्य ब्रजेश शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संकट मोचक वीर बजरंगबली हनुमान जी की सहस्त्रपाठों से विशेष पूजा अर्चना कराई। मनोहारी फूलबंगला सजाया गया। पं. श्याम बल्लभ उपाध्याय एवं भजन गायक कमल शर्मा कोको ने मंगलकारी बालाजी महाराज की मार्मिक भेंटें प्रस्तुत की। मुख्य यजमान पूर्व सभासद चेतन शर्मा थे।