तेज हवा ने उम्मीदों पर फेरा पानी
हरदोई, जागरण संवाददाता : रात में तेज हवा के साथ लगभग पौन घंटे तक बरसात हुई। तेज हवा के कारण बादल उड़
हरदोई, जागरण संवाददाता : रात में तेज हवा के साथ लगभग पौन घंटे तक बरसात हुई। तेज हवा के कारण बादल उड़ गए वरना और बरसात होने की उम्मीद थी। दिन में पुरवा हवा के कारण गरमी रही। धूल व तेज धूप से चेहरे को बचाने के लिए लोग कपड़ों का सहारा लेते नजर आए।
बुधवार व गुरुवार की रात लगभग 12.45 बजे लगभग 25 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवा चली। इसी के साथ पानी बरसना शुरु हुआ। लगभग 1.30 बजे तक पानी बरसता रहा। इस दौरान दो मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। इस कारण सुबह मौसम खुशनुमा रहा। मौसम विभाग के प्रेक्षक के अनुसार अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आर्द्रता सुबह 69 प्रतिशत व शाम को 59 प्रतिशत दर्ज की गई। दिन में पुरवा हवा आठ किलोमीटर की गति से चलती रही। रात में हुई बरसात से सुबह मौसम खुशनुमा अवश्य नजर आया। लेकिन दोपहर में तेज धूप से परेशानी अधिक बढ़ गई। तेज धूप के चलते लोग इससे अपना बचाव करते नजर आए। सिर को ढक कर धूप से राहत पाने का असफल प्रयास करते रहे।