तमंचे पर डिस्को में चली गोली, बालक जख्मी
कछौना, संवाद सूत्र : बरात में द्वारचार के दौरान तमंचे पर डिस्को में चली गोली का एक बालक शिकार हो गया
कछौना, संवाद सूत्र : बरात में द्वारचार के दौरान तमंचे पर डिस्को में चली गोली का एक बालक शिकार हो गया। कछौना थाना क्षेत्र के शमसेर नगर में हुई घटना से हड़कंप मच गया, गंभीर हालत में बालक को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद हड़कंप मच गया और खुशी मातम में बदल गई।
शमसेर नगर निवासी तोताराम की पुत्री सीमा की रविवार को शादी थी। कासिमपुर थाना क्षेत्र के निगोही से मेड़ीलाल का पुत्र देशराज गाजे बाजे के साथ बरात लेकर आया। आव भगत के बाद द्वारचार शुरु हुआ। थिरकते हुए द्वारचार के लिए पहुंचे। गांव वालों का कहना है कि बारात में आए सरेहरी निवासी बैंक कर्मी हरिशंकर नशे की हालात में थे और तमंचे पर डिस्को की फरमाइश पर हवा में फायरिंग करने लगे। एक गोली शमसेर नगर निवासी गोविंद प्रसाद (13) पुत्र छत्तर पाल के पेट में गोली जा धंसी। देखते देखते सभी खुशियां मातम में बदल गई और बरात में हड़कंप मच गया और घायल गोविंद को उपचार के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर भर्ती कराया गया। छत्रपाल का कहना है कि उन्होंने और गांव वालों ने हरीशंकर को फायर करने से मना किया लेकिन वह नहीं माने। घटना से ग्रामीणों में रोष फैल गया तो बराती भी भाग गए। हर्ष फायरिंग की सूचना पाकर इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत किया। रात भर पुलिस तैनात रही। सोमवार की सुबह पुलिस की मौजूदगी में भांवरे पड़ी और शेष रस्में पूरी करके दुल्हन ससुराल चली गई। कोतवाल आरपी सोनकर ने बताया कि अभी उन्हें तहरीर नहीं प्राप्त हुई है।