फसल बर्बादी ने ली किसान की जान
हरदोई, जागरण संवाददाता: सवायजपुर तहसील क्षेत्र में एक किसान की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि फसल
हरदोई, जागरण संवाददाता: सवायजपुर तहसील क्षेत्र में एक किसान की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि फसल पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी थी और सदमें में उनकी जान गई। वहीं उपजिलाधिकारी का कहना है कि किसान की बीमारी से मौत हुई है।
तहसील क्षेत्र के पचदेवरा थाना के अंतर्गत आने वाले हथौड़ा गांव निवासी सतेंद्र सिंह (35) खेतीबाड़ी करते थे। परिवारी जनों का कहना है कि 10 बीघा खेत में गेंहू की फसल बोई थी। जोकि पूरी तरह से बर्बाद हो गई थी। परिजनों ने बताया कि उनके ऊपर बैंक आफ इंडिया की रूपापुर शाखा का 50 हजार रुपये कर्जा भी था। जिससे वह और अधिक परेशान रहते थे। शुक्रवार की शाम खेत से आए और सदमें में उनकी मौत हो गई। परिवारी जनों का आरोप है कि उन्होंने लेखपाल और कानून गो को सूचना दी गई लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंचे। वहीं उप जिलाधिकारी सवायजपुर अविनाश कुमार ने सतेंद्र सिंह की बीमारी से मौत की बात बताई है। उन्होंने बताया कि सतेंद्र दो साल से बीमार चल रहे थे। 16 अप्रैल को उनकी हालत बिगड़ी और रात में बरेली ले जाते समय उनकी मौत हो गई। एसडीएम ने बताया कि उनकी फसल का 45 फीसद नुकसान हुआ। उन्होंने बताया कि बीमारी से मौत हुई है। परिजनों को अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।