गणतंत्र दिवस पर रहेगी चहुंओर धूम
हरदोई, जागरण संवाददाता : सोमवार को 66वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। गणतंत्र दिवस के मद्देनज
हरदोई, जागरण संवाददाता : सोमवार को 66वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर विभिन्न स्थानों पर रविवार को जोर शोर से तैयारियां चलती रहीं। पुलिस लाइन में होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पुलिस अधिकारी भी पहुंचे। इस दौरान सभी तैयारियों को रविवार रात तक ही पूरा कर लेने के निर्देश दिए गए।
गणतंत्र दिवस सोमवार को है। हर वर्ष की तरह ही इस बार भी धूमधाम से राष्ट्रीय पर्व मनाने की तैयारियां चल रही हैं। यूं तो अनगिनत आयोजन गणतंत्र दिवस पर होंगे, लेकिन मुख्य परेड पुलिस लाइन परिसर में होगी। प्रदेश सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल परेड की सलामी लेंगे। परेड के लिए मैदान की साज सज्जा और रंगोली आदि बनाने का कार्य रविवार को दिनभर चलता रहा।
डीआइजी गोविंद अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश त्रिपाठी और बीसी दुबे, अभिसूचना इकाई के प्रभारी निरीक्षक हारुन रशीद के साथ पुलिस लाइन में चल रही तैयारियों का जायजा लेने के लिए पहुंचे। अन्य तैयारियों के साथ-साथ इन लोगों ने पुलिस लाइन में परेड देखने के लिए आने वाले लोगों को बैठाने के लिए किए जा रहे इंतजामों के अलावा मैदान की साज सज्जा के कार्य पर भी निगाह डाली।
बाजारों में भी छा गया तिरंगा : गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले ही बाजारों में तिरंगा छा गया। दरअसल गणतंत्र दिवस पर विविध शैक्षिक संस्थानों में भी आयोजन किए जाते हैं। इनमें प्रतिभाग करने के लिए पहुंचने वाले विद्यार्थी भी अपने हाथों में तिरंगा लेकर जाते हैं। छोटे-छोटे बच्चे भी गर्व के इस पर्व पर तिरंगा लहराते हैं, और इसलिए बाजारों में एक दिन पहले ही दुकानें सज गई।
सजाया संवारा गया शहर : गणतंत्र दिवस के मद्देनजर शहर के प्रमुख चौराहों को सजा दिया गया है। विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी इमारतों पर भी साज सज्जा की गई है। बिजली की रोशनी से भी इन इमारतों को सजाया गया है। कलेक्ट्रेट परिसर में भी साज सज्जा का कार्य रविवार को जारी रहा।
एक नजर गणतंत्र दिवस पर होने वाले कुछ कार्यक्रमों पर :
- गणतंत्र दिवस पर सुबह आठ बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिनमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे।
- प्रात: साढ़े आठ बजे विभिन्न सरकारी गैर सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण किया जाएगा।
- प्रात: नौ बजे नगर में स्थापित महापुरुषों, अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की मूर्तियों पर माल्यार्पण किया जाएगा।
- साढ़े नौ बजे पुलिस लाइन में परेड व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
- दिन में 11 बजे से साइकिल रेस का आयोजन स्पोटर्स स्टेडियम में किया जाएगा।
- दोपहर 12 बजे रेडक्रास सोसाइटी की ओर से रक्तदान के साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरण किया जाएगा।
- दोपहर साढ़े बारह बजे लायंस क्लब के तत्वावधान में संप्रेक्षण गृह में वस्त्र, फल और मिष्ठान वितरण का कार्यक्रम।
- दोपहर बाद दो बजे पुलिस लाइन से गांधी मैदान तक रूट मार्च का आयोजन होगा।
- शाम साढ़े पांच बजे से गांधी भवन में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन भी सर्वोदय आश्रम की ओर से किया जाएगा।