दहेज लोभियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
शाहाबाद, संवाद सहयोगी : दहेज में मांग न पूरी होने पर ससुरालीजनों ने विवाहिता पर रसायनिक पदार्थ डाल क
शाहाबाद, संवाद सहयोगी : दहेज में मांग न पूरी होने पर ससुरालीजनों ने विवाहिता पर रसायनिक पदार्थ डाल कर मार डालने का प्रयास किया। एसएसपी के आदेश पर महिला थाने में आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस कोई गिरफ्तारी नहीं कर रही है। जिसके कारण उनके हौसले बुलंद हैं।
कस्बा शाहाबाद के मुहल्ला बुद्धबाजार निवासी झब्बू लाल ने बताया कि पुत्री मंजू देवी की शादी छह जुलाई 2013 को जनपद शाहजहांपुर के थाना कांठ क्षेत्र के ग्राम बमरोहली निवासी चेतराम के साथ की थी। शादी में अपनी सामर्थ्य के अनुसार काफी दान दहेज भी दिया था, परंतु ससुरालीजन इससे संतुष्ट नहीं हुए। कन्या पक्ष का आरोप है कि दहेज में बाइक, सोने की जंजीर तथा 50 हजार रुपये नगद दिए जाने की मांग की गई। यह बात विवाहिता ने अपने माता-पिता को बताई, परंतु आर्थिक तंगी के कारण मायके वाले दहेज की मांग पूरी नहीं कर पाए। जिसके कारण ससुराल में विवाहिता पर मुसीबतों को पहाड़ टूट पड़ा। बात-बात पर उसे परेशान किया जाने लगा। हद तो तब हो गई जब आठ अक्तूबर 2014 की रात में सोते समय ससुरालीजनों ने उस पर रसायनिक पदार्थ डाल दिया, जिससे उसका शरीर झुलस गया। विवाहिता ने किसी तरह घटना की सूचना मायके वालों को दी तो माता-पिता उसे घर ले आए और उपचार के लिए जिला अस्पताल हरदोई में भर्ती कराया। परिजनों ने मंजू देवी को एसएसपी गोविंद अग्रवाल के सामने पेश कर उन्हें आप बीती बताई थी। बाद में महिला थाना हरदोई में पति चेतराम, जेठ तेजराम, रीता देवी, ननद शिया देवी, महेश्वरी तथा सास मुक्का सहित छह लोगों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न का मामला 13 नवंबर को दर्ज किया गया। मामले की जांच की जा रही है। अभी किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।