सलाखों में बंद भाइयों पर उमड़ा प्यार
हरदोई,जागरण संवाददाता : किसी न किसी कारण से उनके भाई जेल की सलाखों के पीछे हैं। दीपावली पर उनकी बहुत
हरदोई,जागरण संवाददाता : किसी न किसी कारण से उनके भाई जेल की सलाखों के पीछे हैं। दीपावली पर उनकी बहुत याद सताई, लेकिन शनिवार को कुछ राहत मिली। भइया जेल से जल्दी छूट जाएं, जो गलतियां हुई वे न दोहराएं जैसी कामना के साथ सुबह से ही महिलाओं की भीड़ जिला कारागार के बाहर लग गई। भइया दूज पर बहनों ने जेल में बंद अपने भाइयों के पास पहुंच कर उनके तिलक लगाया।
शनिवार को सुबह से ही जेल के बाहर बहनों की भीड़ लगने लगी थी। भीड़ देखते हुए कारागार प्रशासन ने मिलाई का कार्यक्रम सुबह साढे़ नौ बजे से ही शुरू करा दिया। इसके बाद भी बहनों की संख्या बढ़ती चली गई। यह नजारा देखकर जेल अधीक्षक विजय प्रकाश वर्मा ने अपने मातहतों को निर्देश दिए कि मिलाई के लिए आई सभी बहनों को हर हाल में अपने भाई से मिलवाया जाए और किसी को भी बिना मिलाई के वापस न जाने दिया जाए। बहनें अपने साथ मिठाई व फल आदि भी लाई थी। वैसे तो आए दिन इनकी जांच बारीकी से कराई जाती है लेकिन भइया दूज के मौके पर इसमें छूट नजर आई। लगभग 500 महिलाओं ने कारागार पहुंच कर अपने भाइयों का तिलक किया।
ग्राम महीठा की राजवती अपने भाई से मिलने के लिए काफी सुबह से घर से चल दी थी। इसी के साथ उसने अन्न भी ग्रहण नहीं किया था। उसका कहना था कि भाई को तिलक लगाने के बाद भी अन्न ग्रहण करेगी। इसी प्रकार अधिकांश बहनें भाई के तिलक लगाने के लिए व्रत रखें थीं।