जंगली जानवर गांव में घुसा, किशोर पर हमला बोला
हरदोई-गोपामऊ : रविवार को जंगली जानवर ने घर के बाहर खेल रहे एक किशोर पर हमला बोल दिया। जिससे वह जख्मी हो गया। ग्रामीणों के शोर मचाने से जानवर गन्ने के खेत में भाग गया। वन विभाग की टीम ने कई किलोमीटर में ग्रामीणों की मद्द से कांबिंग की। हाता भी लगवाया लेकिन जानवर पकड़ में न आ सका।
टड़ियावां थाना क्षेत्र में गोमती नदी के किनारे के गांवों में जंगली जानवर की आमद से ग्रामीणों में दहशत है। दलौली में रविवार को घर के बाहर खेल रहे आनंद कुमार (14) पुत्र बलट्टर पर जानवर ने हमला बोल दिया। जानवर के पंजा लगने से किशोर जख्मी हो गया। किशोर की आवज सुनकर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर शोर मचाते हुए दौड़ पड़े। शोर सुनकर जानवर पड़ोस में ही राम किशुन के गन्ने के खेत में घुस गया। घायल किशोर का गांव में ही उपचार कराया गया।
थाना प्रभारी रणवीर सिंह ने इसकी जानकारी डीएफओ आरके त्रिपाठी को दी। सूचना पर हरदोई रेंज के रेंजर विक्रम सिंह सचान, वन दरोगा रत्नेश श्रीवास्तव, नियाज अहमद जाफरी और शिव प्रकाश कुरील की टीम गांव पहुंची। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों से जानवर के संबंध में जानकारी जुटाई। टीम ने ग्रामीणों की जानकारी के आधार पर जंगली जानवर के पंजों के निशान के नमूने और फोटो लिए। टीम का कहना है कि मौके पर मिले पंजों और ग्रामीणों की ओर से दी गई जानकारी से भेड़िया होने की पुष्टि हो रही है।
टीम ने ग्रामीणों की मद्द से कई किलोमीटर क्षेत्र में कांबिंग भी की। जानवर को पकड़ने के लिए हाता भी लगवा। लेकिन जानवर पकड़ में नहीं आ सका। टीम ने दलौली समेत निबुआई, महुआ चाचर, आदमपुर, महमदापुर, खेरवा, थोक खाला, पाठक पुरवा और लोकई पुरवा के ग्रामीणों को घर के बाहर न सोने की सीख दी। कहा कि छत पर सोएं। जानवर दिखने पर तत्काल इसकी जानकारी दी जाए।