अघोषित कटौती से उड़ी शहरियों की नींद
हरदोई, जागरण संवाददाता : बिजली की अघोषित कटौती ने शहरियों की नींद को करंट मार दिया है। आधी रात के बाद होने वाली दो घंटे की अतिरिक्त कटौती से शहरी परेशान हैं, वहीं विभागीय अधिकारी मुरादाबाद कंट्रोल रूम के निर्देश पर कटौती की बात कह रहे हैं।
शहर में बिजली आपूर्ति के लिए जो शेडयूल निर्धारित है उसके हिसाब से 15 घंटे की आपूर्ति होनी चाहिए। नौ घंटे कटौती के लिए निर्धारित है। कटौती और आपूर्ति का समय भी निर्धारित है, लेकिन शुक्रवार रात को बिजली आपूर्ति का पूरा शेडयूल लड़खड़ा गया। शाम को सात बजे से सुबह चार बजे तक निर्बाध आपूर्ति के निर्देश हैं, लेकिन शुक्रवार आधी रात के बाद दो बजे बिजली गुल हो गई। लगभग छह बजे और फिर सात बजे 10-10 मिनट के लिए बिजली आपूर्ति हुई। इसके बाद सुबह आठ बजे से शेडयूल के मुताबिक 10 बजे तक बिजली मिली। आधी रात के बाद हुई बिजली कटौती ने शहरियों की नींद खराब कर दी। दरअसल रात की नींद में खलल पड़ने से शहरी परेशान हो जाते हैं और फिर दिन भर अलसाए से नजर आते हैं। इस अघोषित कटौती के बावत पूछने पर शहर के उप खंड अधिकारी सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि मुरादाबाद स्थित कंट्रोल रूम के निर्देश पर कटौती की गई थी।
यह है आपूर्ति और कटौती का समय :
- सुबह आठ से 10 बजे आपूर्ति
- दोपहर 12 से शाम चार बजे तक आपूर्ति
- शाम सात बजे से सुबह चार बजे तक आपूर्ति
- सुबह चार से आठ बजे तक कटौती
- सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक कटौती
- शाम चार से सात बजे तक कटौती