विवाहिता की गोली मारकर हत्या
बिलग्राम, संवाद सहयोगी : बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता की गोली मारकर हत्या करने के बाद शव सड़क के किनारे फेंक दिया गया। बुधवार की सुबह कन्नौज तिराहे पर उसका शव पड़ा मिला। उसके गले पर गोली का निशान था। जानकारी मिलने पर भीड़ जमा हो गई लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है। माना जा रहा है कि उसकी कहीं बाहर हत्या कर शव को फेंका गया।
कोतवाली क्षेत्र के कन्नौज तिराहे से कुछ दूरी पर बुधवार की रात लगभग 10 बजे एक विवाहिता (25) का शव पड़ा पाया गया। मृतका के गले में दो गोलियों के निशान पाए गए हैं। उसके शरीर पर पीले रंग की साड़ी, ब्लाउज, पायल, बिछिया और अन्य आभूषण थे। वह सभ्रांत परिवार की लग रही है। पूरा चेहरा खून से सना हुआ है। शव पड़े होने की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे। शाम तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। कोतवाल एसपी सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त न होने पर इसे जिला अस्पताल के शवगृह में रखा दिया गया है। गुरुवार को कई लोगों ने शवगृह पहुंच कर पहचान करने की कोशिश की, लेकिन गोलियों से चेहरा क्षत विक्षत होने से शिनाख्त नहीं हो सकी।
आखिर कौन है हत्यारा
महिला का कातिल कौन है यह दिन भर चर्चा का विषय बना रहा है। महिला के पैर में लगे लाल महावर ताजी लग रही थी। विवाहिताएं अमूमन महावर ससुराल या मायके जाने के लिए ही लगाती हैं। आखिर यह महिला कहां की है और किसके साथ जा रही थी, इसकी हत्या कहां पर की गई आदि कई प्रश्न हैं जो पुलिस के लिए एक पहेली बने हुए हैं।
दुश्मन नहीं किसी खास ने ली महिला की जान
महिला की जिस तरह से हत्या हुई है उससे स्पष्ट है कि कोई खास ही उसका हत्यारा है। क्योंकि उसके पास से ही सटाकर गले में गोली मारी गई। यानी कि उसके नजदीक वाले ने ही गोली मारी।
एक सप्ताह में दूसरी विवाहिता की हत्या : एक सप्ताह में यह दूसरी विवाहिता की हत्या है। गत सप्ताह 22 अगस्त को एक महिला की गला काट कर हत्या कर दी गई थी। ग्राम हैबतपुर निवासी रामचंद्र ने अपनी पत्नी रामकांती की गर्दन कलम कर हत्या कर दी थी। उस पर बदचलनी का शक था। इस घटना के मात्र अभी छह दिन ही बीते थे कि दूसरी विवाहिता के मिले शव ने नई चर्चाओं को मौका दे दिया है।