मां-बेटा आग से झुलसे
हरदोई, जागरण संवाददाता : घरेलू कलह के चलते एक महिला ने मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग ली। वहीं पर उसका चार वर्षीय पुत्र भी मौजूद था जिससे वह भी झुलस गया। दोनों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के छिबरामऊ निवासी राम निवास गांव में ही रहकर खेती बाड़ी करते हैं। परिवार में उनकी पत्नी सीमा (32) और पुत्र सचिन (4) हैं। जैसा कि उसने बताया कि गुरुवार को वह खेत पर धान की रोपाई करा रहा था। घर आने में उसे देर रात हो गई। पत्नी सीमा ने खाना नहीं बनाया था। खाना न बनाने को लेकर दोनों के बीच वाद विवाद हो गया। बताया किसी बात पर आए दिन विवाद होता रहता था। बताया कि शुक्रवार को सीमा ने मौका पाते ही घर में रखे मिट्टी के तेल को अपने ऊपर उड़ेल लिया और कमरे में आग लगा ली। कमरे में मौजूद उनका पुत्र सचिन भी आग की चपेट में आ गया। कमरे से धुआं उठता देख लोग एकत्र हो गए। देखा तो सीमा जल रही थी। किसी तरह आग को बुझाया गया। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत सामान्य बनी हुई है।