अवैध संबंधों में दोस्त ने ही की थी हत्या
संडीला, संवाद सहयोगी : संडीला कोतवाली क्षेत्र के नानकखेड़ा गांव में युवक की हत्या उसके दुश्मनों ने नहीं बल्कि दोस्त ने ही की थी। दोस्त के उसकी पत्नी से अवैध संबंध थे और उसी चलते उसने उसकी हत्या कर दी और फिर एक कहानी बनाकर एफआइआर दर्ज करा दी। संडीला पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा किया है, वह हिस्ट्रीशीटर भी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नानकखेड़ा में छह दिन पूर्व विनोद नामक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। विनोद का दोस्त सुशील उसकी सुरक्षा में रहता था और उसने ही दो सगे भाई महेश व महेश्वर के विरुद्ध हत्या की एफआइआर दर्ज कराई थी। कोतवाल परशुराम सिंह ने जब मामले की गहराई से जांच कराई तो पूरा खेल सामने आ गया। विनोद के दोस्त सुशील ने ही उसकी हत्या कर पूरी कहानी रची थी। कोतवाल ने बताया कि ग्राम सोम निवासी विनोद ने ग्राम माधौपुर थाना माधौगंज निवासी सुशील को अपनी सुरक्षा में लगा रखा था। सुशील परिवार के साथ उसके घर पर रहता था। धीरे धीरे विनोद के सुशील की पत्नी से अवैध संबंध बन गए। सुशील को शक हो गया तो वह विरोध करने लगा, इसको लेकर मारपीट भी हुई थी। सुशील के विरुद्ध अपराधिक मामले थे जिसके चलते वह गांव जा नहीं सकता था। तीन माह पूर्व विनोद लखनऊ जाकर वहीं रहने लगा। वहीं खेत का विवाद चल रहा था, जिसके चलते विनोद ने सुशील बुला लिया था। घटना वाले दिन सुशील नानकखेड़ा स्थित खेत पर गया। उनके साथ एक और व्यक्ति भी था। सोची समझी साजिश के तहत सुशील ने विनोद की खेत में गोली मार कर हत्या कर दी तथा दूसरे साथी से दूर जाकर अपनी पीठ पर 12 बोर के तमंचे से गोली मारवा ली और फिर भागकर कोतवाली पहुंचा। उसने सोंचा था कि सुशील की हत्या के बाद वह पूरे खेत पर कब्जा कर लेगा तभी उसने महेश और मुनेश्वर के विरुद्ध एफआइआर दर्ज करा दी लेकिन कोतवाल ने खुलासा कर लिया। हत्याभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद उसके घर से तमंचा भी बरामद कर लिया। पुलिस ने असली कातिल को गिरफ्तार कर बेगुनाह फंस रहे भाइयों को बचा लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोविंद अग्रवाल ने टीम में शामिल वरिष्ठ उप निरीक्षक अल्ताफ अंसारी, कताई मिल चौकी इंचार्ज पंकज तोमर आदि को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।