आकाशीय बिजली व घर गिरी में 6 की मौत
हरदोई, जागरण टीम : गुरुवार को आई आंधी-पानी में कड़कड़ाहट के साथ गिरी आकाशीय बिजली से एक वृद्ध समेत चार की मौत हो गई। जबकि अतरौली क्षेत्र में दीवार गिरने से बालक, सुरसा क्षेत्र में छप्पर गिरने से वृद्ध की मौत हो गई। जबकि सांडी क्षेत्र में गेहूं उठाते समय छज्जा गिरने से मां-बेटी की घायल हो गई।
कोतवाली शहर क्षेत्र के माधौपुर निवासी नरेश (60) खेत पर गेहूं की फसल की कटाई करा रहे थे। इसी बीच आंधी-पानी के साथ कड़कड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से नरेश की मौके पर ही मौत हो गई। सुरसा थाना क्षेत्र के भकुराई निवासी श्रीकृष्ण (65) खेत में फसल की कटाई करा रहे थे। इसी बीच तेज आंधी से यूकेलिप्टस का पेड़ उनके ऊपर आ गिरा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव निवासी श्रीराम (60) पुत्र छेदी अपने छप्पर के नीचे लेटे थे। आंधी से छप्पर उनके ऊपर आ गिरा। छप्पर से दब कर श्रीराम गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां पर उनकी मौत हो गई। खुटेहना निवासी रामचंद्र की पच्ी रामकली (70) खेत से घर वापस आ रही थी। तभी पेड़ की डाल गिरने वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सभी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
बघौली थाना क्षेत्र के भीठा निवासी वीरेंद्र (50) पुत्र राम भरोसे शौच के लिए गए थे। घर वापस आते समय आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवारीजनों में हादसे से कोहराम मच गया।
अतरौली थाना क्षेत्र रायपुर के मजरा महगवां निवासी दीनदयाल अपने खेत पर पक्की कोठरी बनाकर रहते हैं। गुरुवार को आंधी-पानी आने पर उनका पुत्र शिवम (12) भी वहीं पर था। कोठरी की दीवार गिरने से मलबे में दबकर शिवम की मौत हो गई। रायपुर निवासी मुन्ना के ऊपर पेड़ गिरने से वह घायल हो गए।
महगवां निवासी अशफाक (26) और इस्तियाक (23) पुत्रगण हामिद गांव के बाहर ईदगाह के पास बारिश के कारण खड़े थे। इसी बीच आकाशीय बिजली गिरने से अशफाक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रधान अच्छू ने बताया कि इस्तियाक गंभीर रूप से झुलस गया। उपचार के लिए संडीला स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। उलरापुर में नीम को पेड़ गिरने से गुरु की दो भैंस और रायपुर में दीवार गिरने से लाखन की भैंस दबकर मर गई। लेखपाल मनोज ने मौके पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
माधौगंज थाना क्षेत्र के पहुंतेरा निवासी बेचेलाल (65) कल्लू खेत में गेहूं के बोझ बांध रहे थे। घर आते समय रामासरे के खेत के निकट आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई।
सांडी थाना क्षेत्र कटियामऊ निवासी सोनेलाल की पत्नी उर्मिला (40) और पुत्री अर्चना देवी (9) घर में रखे गेहूं उठाने का काम कर रही थी। इसी बीच छज्जा गिरने मां-बेटी मलबे में दबने से घायल हो गई। स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।