अघोषित कटौती ने छीनी लोगों की नींद, जिले भर में आक्रोश
जागरण संवाददाता, हापुड़ : जिले में लगातार बढ़ती जा रही अघोषित कटौती ने लोगों का चैन छ
जागरण संवाददाता, हापुड़ :
जिले में लगातार बढ़ती जा रही अघोषित कटौती ने लोगों का चैन छीन लिया है। जिले भर के लोगों में अघोषित कटौती के कारण ऊर्जा निगम के विरुद्ध भारी रोष व्याप्त हो गया है। रात के समय हो रही इस कटौती ने लोगों की नींद और दिन का चैन छीन लिया है। देहात से लेकर शहर तक लोगों में निगम के विरुद्ध आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसके अलावा विद्युत लाइन में बढ़ रही खराबी इस समस्या को और अधिक बढ़ा रही हैं।
पिछले चार दिनों से लगातार निगम के कंट्रोल हाउस से की जा रही अघोषित कटौती। गुरुवार की रात को भी एक बार फिर से जिले में अंधेरा छा गया। रात करीब नौ बजे आपूर्ति बंद हो गई। लोगों ने बिजली घरों के फोन घनघनाने शुरू कर दिए। कुछ देर तक तो लोगों को जानकारी दी गई। इसके बाद बिजली घरों के फोन भी बंद हो गए। रात करीब 11 बजे फिर आपूर्ति शुरू हुई। कुछ देर बाद फिर आपूर्ति ठप हो गई। जबकि कई इलाकों में लाइनों में खराबी आ गईं। इस दौरान कम वोल्टेज की समस्या भी बनी रही। मोदीनगर रोड बिजली घर से जुड़े मेरठ रोड के क्षेत्र में विद्युत लाइन में खराबी से आवास विकास कालोनी, सर्वोदय कालोनी, अमृत विहार, पंचशील कालोनी सहित एक दर्जन मोहल्लों की आपूर्ति लगभग पांच घंटे तक ठप रही। इसके बाद निगम की टीम ने खराबी को दूर किया तो रात्रि में करीब दो बजे जाकर आपूर्ति शुरू हो सकी।
पूरे शहर का यही हाल रहा। देहात में तो इससे भी अधिक बुरी स्थिति रही। यहां छह घंटे तक की कटौती हुई। इसके अलावा शुक्रवार को दिन में भी कई बार कटौती की गई। इसके कारण लगभग तीन घंटे आपूर्ति बंद रही।
उच्च अधिकारियों से लगातार इस संबंध में वार्ता जारी है। बिजली की मांग अचानक बढ़ जाने के कारण दिक्कत हो रही है। कोशिश है कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जा सके।
--बी.एल. मौर्य, अधीक्षण अभियंता