लोन अदा न कर पाने पर दी जान
राठ, (हमीरपुर) संवाद सहयोगी: कोतवाली क्षेत्र के गल्हिया गांव में तिपहिया वाहन के लिये बैंक से लिया ल
राठ, (हमीरपुर) संवाद सहयोगी: कोतवाली क्षेत्र के गल्हिया गांव में तिपहिया वाहन के लिये बैंक से लिया लोन अदा न होने से परेशान 28 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज दौरान उसकी मौत हो गई।
गल्हिया गांव निवासी जागेश्वर राजपूत ने बताया कि उसके नाम तकरीबन पांच बीघा कृषि योग्य भूमि है। छोटा पुत्र ब्रहम किशोर मेहनत मजदूरी कर खेती बाड़ी में हाथ बंटाता था। कई सालों से फसलों की बर्बादी के कारण खेती से परिवार चलाने में कुछ भी राहत नहीं मिल सकी और परिवार में अन्य सदस्य भी कमाई लायक नही थे। इसलिए उसने तकरीबन दो तीन साल पहले परिवार चलाने के लिए तिपहिया आटो लोन पर लिया था। खेती में मुनाफा न होने से लोन लिया आटो का कर्ज भी सर पर था जो अदा नहीं हो रहा था। ऐसे में ब्रहम किशोर परेशान रहने लगा। परिस्थितियां कठिन होने से बुधवार सुबह सूना घर पाकर उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ते देख परिजनों ने आनन फानन में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज दौरान उसकी मौत हो गयी। रोते हुये पिता ने बताया कि उसका बड़ा पुत्र परदेश में मेहनत मजदूरी करता है। मृतक ब्रहम किशोर के दो मासूम बच्चे है। उसकी पत्नी व बच्चों का रो रोकर बुरा हाल हो रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।