दो घंटे जाम में जूझते रहे राहगीर
राठ, (हमीरपुर) संवाद सहयोगी: कस्बे के मुख्य मार्ग से जाम की स्थिति सुधारने के लिए किये गये सभी वादे
राठ, (हमीरपुर) संवाद सहयोगी: कस्बे के मुख्य मार्ग से जाम की स्थिति सुधारने के लिए किये गये सभी वादे खोखले नजर आ रहे हैं। यातायात पुलिस की तैनाती होने से जाम से छुटकारा की उम्मीदें भी पूरी नही हो रही हैं। मुख्य मार्ग से जाम की स्थिति की पुख्ता व्यवस्था को बाई पास का प्रस्ताव पास किया। मगर इसका निर्माण कब होगा,इसका समय नही दिया गया। रविवार को मुख्य मार्ग पर दो घंटे लगे जाम में एसडीएम राजेश कुमार भी फंस गये। सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी ने बड़ी मशक्कतों के बाद जाम खुलवाया।
कस्बे के मुख्य मार्ग पर रविवार को इलाहाबाद बैंक से कोतवाली गेट तक तकरीबन दो घंटे तक जाम लगा रहा। यह जाम मुख्य मार्ग पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण लग गया। इस जाम में रोडवेज बस,ट्रक,टै्रक्टर,दो पहिया वाहन व राहगीर फंस गये। लेकिन यातायात पुलिस की नींद नही टूटी। बी.एनवी इण्टर कालेज में चल रही खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ करने जा रहे एसडीएम राजेश कुमार भी तकरीबन 25 मिनट फंसे रहे। आखिरकार दो घंटे बाद कोतवाली प्रभारी जगदेव प्रसाद मौके पर पहुंचे और बड़ी मशक्कतों के बाद जाम खुलवाया।
गौरतलब है कि कस्बे की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतरी है। मुख्य मार्ग सहित अन्य चौराहों पर रोज ही जाम की स्थिति से लोगों को गुजरना पड़ रहा है। लेकिन चौराहों की यातायात व्यवस्था संभालने में कोई भी नही है।
अम्बेडकर चौराहा-कस्बे का यह मुख्य चौराहा है,यहां से उरई,हमीरपुर समेत कई मार्गो के वाहनों का आनाजाना बना रहता है। कई दुकानों के साथ ही चौराहे पर वाहनों का जबरदस्त अतिक्रमण है। रानी गेट पड़ाव-यहां पर बाजार आने जाने वाले हजारों लोगों की भीड़ बनी रहती है। इस चौराहे के पास एक पेट्रोल पंप है जहां पर भारी वाहनों के आवागमन होने व डग्गामार व सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर आदि भी यातायात व्यवस्था बिगड़ने में साथ देते है।
12 खम्भा चौराहा-चौराहे के चोरों ओर फल की ठिलिया अतिक्रमण जमाये हुये है। यहां से कई गांवों की ओर जाने वाले डग्गामार वाहन सड़क पर ही खड़े होकर यात्रियों को भरते है। दीवान शत्रुघ्न सिंह चौराहा-इस मार्ग से ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोग बाजार की ओर आते है। उरई बस स्टैण्ड की बसें यहीं पर ही यात्रियों को भरती है। जिस कारण जैम की स्थिति बनी रहती है। एसडीएम राजेश कुमार ने कहा ग्राम प्रधान चुनाव बाद जाम की स्थिति से निपटा जायेगा।