पूजा पर भी महंगाई का साया
राठ, (हमीरपुर) संवाद सहयोगी: शारदीय नवरात्र आगामी मंगलवार से प्रारम्भ होने जा रहे है। देवी पंडालों क
राठ, (हमीरपुर) संवाद सहयोगी: शारदीय नवरात्र आगामी मंगलवार से प्रारम्भ होने जा रहे है। देवी पंडालों के सजाना भी काम शुरू हो गया है। वहीं मूर्तिकार देवी प्रतिमाओं को अन्तिम रूप देने में जुटे हुये है। भक्तों में देवी मां की आस्था अभी से देखने को मिल रही है।
नवरात्र महापर्व पर कस्बा नौ दिनों तक देवी मय बना रहेगा। जगह जगह देवी पंडालों को बनाने का काम भी तेज हो गया है। राठ व आसपास क्षेत्र में करीब 80 देवी प्रतिमाओं की स्थापना होती है। वहीं कस्बे के रामनगर,स्वर्णकार धर्मशाला, राठ- उरई मार्ग सहित करीब आधा दर्जन स्थानों पर मूर्ति कलाकार देवी प्रतिमाओं को अन्तिम रूप देने में जुटे है। मूर्ति कलाकार देवी प्रतिमाओं को बेहतर ढंग से सजाने और संवारने के बाद देवी प्रतिमाओं को भक्तों को सौंपते है। रामनगर के देवी प्रतिमा बना रहे मूर्तिकार चरन सिंह ने बताया कि देवी प्रतिमाओं को बनाने में करीब ढाई माह से जुटे हुये है। अब तक उन्होंने दर्जनों देवी प्रतिमाओं को तैयार कर लिया है। बताया कि मिट्टी,बांस बल्ली,रंग, मां के सजाने,संवारने और कपड़ों को सतना,कटनी व जबलपुर से लाया जाता है। इस बार 2100 से 11000 रूपये तक की मूर्ति बनायी गयी है। बताया कि बीते वर्ष से इस बार देवी प्रतिमाओं पर भी महंगाई का असर है।