जलस्तर चढ़ा, किनारे के गांवों को चेतावनी
हमीरपुर, जागरण संवाददाता: यमुना नदी का जल स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। नदी किनारे के गांवों में कटान
हमीरपुर, जागरण संवाददाता: यमुना नदी का जल स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। नदी किनारे के गांवों में कटान तेज हो गई है। जिला प्रशासन की ओर से नदी किनारे के गांवों को चेतावनी जारी कर दी गई है। बढ़ रहे पानी को देखते हुए बचाव के इंतजाम अभी से किए जाने लगे हैं। मौदहा बांध की ओर से बेतवा नदी के दो फ्लैक वाल बंद किए गए हैं।
यमुना नदी का लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को करीब 15 सेंमी पानी और बढ़ गया। वहीं बेतवा नदी में यमुना का पानी मिलकर आने से वह भी बढ़ रही हैं। पानी की रफ्तार ने किनारों को काटना शुरु कर दिया है। चौबीस घंटे के अंदर यमुना का जल स्तर अब खतरे के निशान से मात्र ढाई मीटर ही दूर रह गया है। नदियों के किनारे स्थित बाड़ी तो पहले ही डूब गई थीं। कटान भी तेजी के साथ होने से पास स्थित गांवों के लोगों को सर्तक कर दिया गया है। लोगों के माथे पर अब चिंता की लकीरें खिंचने लगी है। यमुना नदी का जलस्तर बुधवार को 101.35 मी, तक चढ़ गया है। अधिकारियों का अनुमान है कि नदी का पानी कोटा से छोड़े गए पानी की वजह से बढ़ सकता है। जलस्तर यदि इसी गति से बढ़ा तो आगे कुछ दिनों में खतरा और पैदा हो सकता है। मौदहा बांध एक्सईएन ने कहा कि पानी की बढ़ोत्तरी होने की वजह से नदी के पानी का बहाव शहर की ओर न हो इसके इंतजाम कर दिए गए हैं। बुधवार को बेतवा नदी के दो फ्लैक वाल बंद कर दिये गए जिससे नदी का पानी शहर में उल्टा न आ सके। यमुना किनारे स्थित गांव मेरापुर, भिलावां, डिग्गी, केसरिया का डेरा आदि गांवों में बुधवार को अधिकारी पहुंचे और वहां लोगों को चेतावनी दी। सावधान रहने को कहा। नदी के वेग से गांव किनारे तक कटान होने लगा है।
:::::::::::::::::::::::::::::::::::
यमुना का जलस्तर अभी खतरे के निशान से ढाई मीटर तक नीचे बह रहा है, पिछले चौबीस घंटे में यमुना नदी का जलस्तर 15 सेमी और चढ़ा है। इस समय जलस्तर 101.35 पर है।-सुरेन्द्र कुमार पाण्डेय, एक्सईएन मौदहा बांध, हमीरपुर।