पुलिस ने छीना पंद्रह हजार रुपये व मोबाइल
हमीरपुर जागरण संवाददाता: मंगलवार को जेल में बंद अपने पति से मिलने आई पुलिस की गोली से घायल कल्लू खां
हमीरपुर जागरण संवाददाता: मंगलवार को जेल में बंद अपने पति से मिलने आई पुलिस की गोली से घायल कल्लू खां की भाभी ने पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस ने कल्लू खां के भाईयों को एम्बुलेंस से उतार कर पंद्रह हजार रुपए व मोबाइल छीन कर थाने में बैठा लिया था। रात को पुलिस द्वारा उनको मारा पीटा गया। दूसरे दिन जेल भेज दिया गया।
जेल में अपने पति से मिलाई करने आई कल्लू खां की भाभी अंजुम ने बताया कि बिंवार बवाल में कल्लू खां को पुलिस की गोली लगी थी। गोली लगने से घायल कल्लू खां को इलाज के लिए भाई बब्लू खां, अनवर खां व पड़ोसी छंगा पड़ोसी से पंद्रह हजार रुपए लेकर एंबुलेंस से सदर अस्पताल जा रहे थे। तभी पुलिस ने तीनों लोगों को एंबुलेंस से उतार कर थाने ले गई। थाने में उनसे पैसा और मोबाइल छीन लिया। रात को तीनों लोगों को बेरहमी के साथ मारापीटा गया था। इसके बाद उनको जेल भेज दिया गया। मिलाई करने आए और भी परिजनों ने अपना दर्द बयां किया। छंगा के चाचा बदलू प्रसाद प्रजापति ने बताया कि उसका भतीजा कल्लू का इलाज कराने जा रहा था। वह तो बवाल में रहा भी नहीं लेकिन पुलिस ने उसको पकड़ कर जेल भेज दिया था। महिला मुन्नी ने बताया कि उसका पति राजबहादुर बकरी चराने गया हुआ था। शाम को वापस लौट रहा था। पुलिस ने उनको पकड़ कर जेल भेज दिया। घर में सयानी लड़किया हैं। अगर पुलिस ने उनको नहीं छोड़ा तो कल से लड़कियों को भी कलेक्ट्रेट पर ही लाकर धरने पर बैठ जाएंगे। नत्थू के परिजन शिवमंगल ने बताया कि नत्थू भैंस चराने जंगल गया हुआ था। वापस घर आ रहा था। थाने के सामने से ही निकलने का रास्ता है। वह भैंसों को लेकर आ रहा था। पुलिस ने थाने के सामने ही पकड़ का जेल भेज दिया। इन लोगों ने कहा है कि अगर पुलिस सभी निर्दोष लोगों को नहीं छोड़ती है तो कलेक्ट्रेट पर ही धरना चालू हो जाएगा।