यमुना पुल की एक कोठी धंसी, भारी वाहनों का आवागमन ठप
हमीरपुर, जागरण संवाददाता: बुधवार देर शाम यमुना नदी पर बने पुल की तीसरी कोठी के पास का काफी हिस्सा धं
हमीरपुर, जागरण संवाददाता: बुधवार देर शाम यमुना नदी पर बने पुल की तीसरी कोठी के पास का काफी हिस्सा धंस गया। इसके चलते पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इधर बेतवा पुल पर ट्रैफिक का लोड बढ़ने से यहां भी जाम लग गया। सूचना पर एसडीएम सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।
यमुना और बेतवा पुल से प्रतिदिन करीब डेढ़ हजार वाहन गुजरते हैं। इसमें से करीब एक हजार ओवरलोड मौरंग और गिंट्टी से भरे ट्रक ही गुजरते हैं। बुधवार देर रात एक ट्रक जैसे ही पुल से गुजरा तो चालक को शंका हुई। उसने गाड़ी आगे बढ़ा कर रोक दी। उसने ट्रक से उतर कर देखा तो पुल पर एक स्थान धंसा हुआ दिखाई पड़ा। खतरे की आशंका भापते हुए उसने अन्य वाहनों को रोक दिया। देखते ही देखते पुल के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गईं। आनन-फानन इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी पाकर पुलिस बल के साथ एसडीएम प्रवीणा अग्रवाल, सीओ यशवीर सिंह, कोतवाल प्रेम कुमार यादव आदि पहुंच गए। दोनों ओर से भारी वाहनों का आवागमन रोक कर केवल हल्के वाहनों को ही निकलने की अनुमति थी। पुल कानपुर की ओर से तीसरी कोठी के पास करीब आठ फुट के घेरे में धंसा हुआ है।
कंट्रोल से संदेश प्रसारित होने के बाद देर रात घाटमपुर में यातायात पुलिस ने चौराहा पर कोन लगा कर हमीरपुर की ओर जाने वाले वाहनों को डायवर्ट करना शुरू कर दिया। यातायात निरीक्षक एचएस यादव ने बताया कि यातायात को वाया मूसानगर मनकी घाट पुल की ओर डायवर्ट किया जा रहा है।
चौथी बार धंसा यमुना पुल
यमुना पुल चौथी बार धंसा है। इसके पहले यह तीन बार धंस चुका है। पुल की जांच के लिए कई बार टीम आ चुकी हैं। सभी ने ओवरलोड वाहनों पर रोकथाम के लिए शासन तक को लिखा था।
लगा लंबा जाम
पुल धंसने की वजह से कानपुर की ओर से आने वाले वाहन और इधर महोबा की ओर से आने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई। उधर बेतवा पुल पर वाहनों को लोड बढ़ जाने से जाम लग गया।