किशोरी से दुष्कर्म, आरोपी दबोचा गया
मौदहा (हमीरपुर) संवाद सहयोगी: थाना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी एक विधवा की सोलह वर्षीय पुत्री के साथ उसी गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म किया। इसके बाद किसी को न बताने को कहकर जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। पीड़िता ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी घर आकर अपनी मां को बताई। मां ने इसकी शिकायत दूसरे दिन पुलिस से की। पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता की मां ने मौदहा कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री शुक्रवार की देर शाम खेत से घर के लिए लौट रही थी। तभी रास्ते में गांव के ही चन्द्रशेखर पुत्र गयादीन ने उसे अकेला देखकर दबोच लिया। जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे धमकी देते हुए भाग गया। पीड़िता ने इस घटना की जानकारी परिजनों को दी। पीड़िता की मां ने रविवार को पुलिस में इस मामले की शिकायत की। महिला ने बताया कि आरोपी इससे पूर्व भी कई बार उसकी पुत्री से छेड़छाड़ कर चुका था। इसकी शिकायत गांव के लोगों से की थी। नामजद रिपोर्ट दर्ज करने के साथ पुलिस ने आरोपी को गांव के बाहर से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पीड़ित लड़की को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया था।