दंपती ने खाया जहरीला पदार्थ
राठ, संवाद सहयोगी: पारिवारिक विवाद होने पर पत्नी ने जहर खा लिया तो तैश में आये पति ने भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर जान देने का प्रयास किया। परिजनों ने दोनों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी प्रकार एक किशोरी सहित तीन अन्य ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर जान देने का प्रयास किया। जिनका इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है। जहां किशोरी की हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने उसे झांसी रेफर कर दिया।
थाना मझगवां के ग्राम कुल्हैंड़ा निवासी हरी सिंह पुत्र दस्सी अहिरवार का विवाद परिजनों से हो गया था। आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि उसकी पत्नी क्रांति देवी बर्दाश्त नहीं कर सकी और जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इधर पत्नी द्वारा जहर खाने से पति हरीसिंह नाराज हो गया और तैश में आकर उसने भी जहरीला पदार्थ खाकर जान देनी चाही। दोनों की हालत बिगड़ती देख घर वालो में हड़कंप मच गया। परिजनों ने आनन फानन में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। इसी प्रकार जनपद जालौन के आटा थाना क्षेत्र के कहाटा निवासी शिवशंकर की 15 वर्षीय पुत्री प्रीति राठ में रिश्तेदारों के घर आई हुई थी। तभी अज्ञात कारणों के चलते उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
वहीं थाना चिकासी के ग्राम अमरपुरा निवासी हिंद पत्नी करन सिंह व थाना मझगवां के टोला रावत निवासी सुशीला पत्नी जगदेव ने गृहकलह से ऊबकर जहर खा लिया है। सभी को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने प्रीति को झांसी रेफर कर दिया है।