बर्थडे पार्टी में हर्ष फायरिंग, बालक की मौत
कुरारा, संवाद सहयोगी : बेटे की वर्षगांठ की खुशी में पिता की बंदूक से चली गोली ने पड़ोसी के घर का चिराग बुझा दिया। बस एक पल में खुशी का माहौल मातम में बदल गया। जन्मदिन के अवसर पर हो रही हर्ष फायरिंग में एक अन्य बालक व महिला भी घायल हो गई। जिसमें महिला को गंभीर हालत में उपचार के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया। मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
घटना कुरारा थाना क्षेत्र के गांव गिमुहां की है। यहां सोमवार को समाधान के बेटे कन्हैया का जन्मदिन था, लिहाजा वह भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साथ अपने बेटे का जन्मदिन मना रहे थे। रात 12 बजे जैसे ही जन्मदिन मनाया जाने लगा तो खुशी के मौके पर समाधान अपनी लाईसेंसी 315 बोर रायफल से फायरिंग करने लगा। उस समय जन्मदिन कार्यक्रम में गांव की महिलाएं, बच्चे, पुरुष भी शामिल थे। एक गोली जन्मोत्सव में मौजूद प्रहलाद (12) पुत्र सोबरन को छूती हुई निकली तथा आरोपी समाधान की चाची पुनिया यादव (40) पत्नी शिवधनी यादव की जांघ में धंस गई। वहीं खडे़ गांव निवासी प्रांशु पुत्र कुवेर सिंह यादव (12) के पेट को छूती निकली गई। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर प्रहलाद (12) पुत्र सोबरन की मौके पर ही गोली लगने से मौत हो गई। इससे कार्यक्रम में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया और हंसी-खुशी में मातम फैल गया। मौके पर मौजूद मृतक बच्चे की मां सोना व पिता सोबरन दहाड़ मारकर रोने लगे। तभी घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां महिला पुनिया को चिकित्सकों ने कानपुर के लिए रेफर कर दिया। वहीं मृतक के पिता सोबरन यादव पुत्र चोखे लाल यादव ने समाधान यादव के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने तहरीर के आधार पर समाधान के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया है। वहीं पुलिस ने प्रहलाद के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा है।
रायफल से हुए दो फायर
पोस्टमार्टम हाउस में आए ग्रामीणों ने बताया कि रायफल से दो फायर हुए थे, जिसमें पहला हवाई था। जबकि दूसरी गोली प्रहलाद के सिर में लगी और इसके बाद यह गोली चचेरे भाई प्रांशु के पेट से छूती हुई निकलकर समाधान की चाची पुनिया के जांघ में जा लगी।
कानपुर रेफर हुई महिला
घटना में हर्ष फायरिंग से प्रहलाद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि प्रांशु (12) पुत्र कुवंर सिंह को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुनिया(40) पत्नी शिवधनी को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया।
वहीं थानाध्यक्ष गिरेंद्र यादव ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध शस्त्र निरस्तीकरण के संबंध में कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटना के बारे में जांच की जा रही है।