फिर लगा हाईवे पर जाम, यात्री बेहाल
हमीरपुर, जागरण संवाददाता: खराब मौसम और जाम। यात्री जाएं तो किधर जाएं। शाम को हमीरपुर-कानपुर के बीच हाईवे पर लगे जाम ने यात्रियों को रुला दिया। वाहनों की लंबी लाइन देर रात तक लगी रही।
सोमवार को यात्रियों के लिए हाइवे का जाम एक बार फिर मुसीबत बन गया। सजेती के पास से लेकर हमीरपुर शहर तक भीषण जाम लगा रहा। रोडवेज बसों के यात्रियों को भारी समस्या का सामना करना पड़ा। महिला और बच्चों को भूखे प्यासे घंटों मुसीबत का सामना करना पड़ा। इसमें कुछ छोटे वाहन तो बीच रास्ते से ही जाम देखकर लौट गए। कुछ बीच में ही उतर कर शहर की ओर पैदल ही चल दिए। सड़क पर पड़ी मिंट्टी ने पैदल चलने वाले रास्ते को भी नरक बना दिया। यात्री इसमें पैदल भी नहीं चल पा रहे थे। हाईवे पर आए दिन लगने वाले जाम का सबसे बड़ा कारण मौरंग के ओवर लोड ट्रक हैं। ट्रकों के चालक रोड के किनारे अपने वाहन खड़े कर होटलों पर आराम करने लगते हैं। इस बीच कई वाहन तो बीच रोड पर ही खड़े रहते हैं। इन्हीं की वजह से जाम के हालात और बनते हैं। पुलिस भी सब कुछ जानते हुए अनदेखी कर देती है। सोमवार को भी जाम का कुछ यही कारण रहा। शाम को लगा जाम देर रात तक नहीं खुल सका था। वाहन रेंग कर निकल रहे थे।